PATNA: बिहार पुलिस में रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार ने पुलिस रेडियो ऑपरेटर और तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग में सिपाही (प्रचालक) के 993 पदों पर होने वाली लिखित परीक्षा की तारीख बदल दी है।
NEET परीक्षा के कारण हुआ बदलाव
केंद्रीय चयन पर्षद ने फैसला लिया है कि अब यह परीक्षा 21 जून की जगह 28 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में केंद्रीय चयन पर्षद ने आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। पहले यह परीक्षा 21 जून 2026 को प्रस्तावित थी, लेकिन उसी दिन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा NEET (UG) 2026 की परीक्षा आयोजित होने के कारण परीक्षा तिथि में बदलाव किया गया है। पर्षद ने कहा है कि अभ्यर्थियों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
एक ही पाली में होगी परीक्षा
केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से जारी जारी सूचना के अनुसार परीक्षा 28 जून 2026 (रविवार) को एक ही पाली में आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 2 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक परीक्षा केंद्र में रिपोर्ट करना होगा।
993 पदों पर होनी है बहाली
यह भर्ती बिहार पुलिस दूरसंचार विभाग में तकनीकी अराजपत्रित संवर्ग के तहत “सिपाही (प्रचालक)” यानी पुलिस रेडियो ऑपरेटर के 993 पदों को भरने के लिए चलाया जा रहा है। इस भर्ती को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थी तैयारी कर रहे हैं।
22 जून से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
पर्षद की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक अभ्यर्थी 22 जून 2026 से अपना ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की अंतिम समय सीमा 28 जून सुबह 11 बजे तक तय की गई है। अभ्यर्थी केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
डुप्लीकेट एडमिट कार्ड की भी व्यवस्था
जो अभ्यर्थी किसी कारणवश वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं कर पाएंगे, वे 26 जून 2026 को केंद्रीय चयन पर्षद के पटना स्थित कार्यालय से डुप्लीकेट ई-प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए आवेदन पत्र की प्रति और फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थियों को राहत
परीक्षा तिथि बदलने के फैसले से उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो NEET और बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा दोनों में शामिल होने वाले थे। दोनों परीक्षाएं एक ही दिन होने से बड़ी संख्या में छात्र असमंजस में थे। अब नई तारीख घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी मिल गया है।