Patna Graduate MLC Election: पटना स्नातक सीट पर चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों की चुनावी सभाओं में जुबानी जंग भी धार पकड़ती जा रही है। इसी कड़ी में जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार ने बाढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए अपने विरोधी अनंत सिंह को कड़ा संदेश दिया और साफ कहा कि नीतीश कुमार पर राजनीतिक या अनैतिक हमला करने वालों को वह जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे।

'नीतीश कुमार पर हमला होगा तो नीरज कुमार का विषैला तीर चलेगा'

बाढ़ की सभा में नीरज कुमार ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और नीतीश कुमार के साथ अपने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि इलाके के लोग उन्हें दशकों से जानते हैं। उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या उन्हें अपराधी या बदमाश के तौर पर देखा जाता है।

नीरज कुमार ने कहा, "आप लोग हमको 30-40 साल से जानते हैं ना। जानते हैं या नहीं? तो बताइए क्या हम अपराधी हैं? हाथ उठाकर बोलिए। हम बोल्डर हैं? हम बदमाश हैं? हम किसी के खिलाफ कोई अपशब्द बोलते हैं?" इसके बाद नीरज कुमार ने अपने तेवर और तल्ख कर दिए। उन्होंने कहा कि कोई उन्हें कितना भी गाली दे, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। लेकिन नीतीश कुमार पर राजनीतिक या अनैतिक हमला उन्हें बर्दाश्त नहीं है।

उन्होंने कहा कि चाहे हमला उनकी अपनी पार्टी का कोई व्यक्ति करे, विरोधी पार्टी का हो या सहयोगी दल का, उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता। नीरज कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार पर हमला करने वाले के खिलाफ 'नीरज कुमार का विषैला तीर' चलना तय है।

अनंत सिंह को सीधा संदेश?

पटना स्नातक सीट के चुनाव में नीरज कुमार के खिलाफ माहौल बनाने वाले नेताओं में जेडीयू विधायक अनंत सिंह का नाम लगातार चर्चा में है। अनंत सिंह खुलकर नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध कर चुके हैं और जन सुराज समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में अपनी सक्रियता दिखा रहे हैं। ऐसे में बाढ़ की सभा में नीरज कुमार का यह बयान राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।

हालांकि नीरज कुमार ने अपने भाषण में किसी का नाम लेकर हमला नहीं किया, लेकिन उनका यह कहना कि अपनी पार्टी का व्यक्ति हो, विरोधी दल का हो या सहयोगी दल का—नीतीश कुमार पर हमला करने वाले को जवाब मिलेगा, मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सीधे तौर पर अनंत सिंह के लिए संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

'मैं न्याय मांगने आया हूं'

नीरज कुमार ने अपने भाषण में खुद को पीड़ित बताते हुए कहा कि वह जनता के बीच न्याय मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि वह तीन बार बिहार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं और जनता को तय करना है कि उनके कार्यकाल में ऐसा कोई काम हुआ है या नहीं, जिससे लोगों का सिर शर्म से झुक जाए।

उन्होंने कहा, "मैं न्याय मांगने आया हूं। मैं तीन बार बिहार विधान परिषद का सदस्य रहा हूं। आप बताइए क्या हमारी सरकार ने ऐसा कोई काम किया है जिससे आपका सिर नीचे झुक जाए।"नीरज कुमार ने बाढ़ और आसपास के इलाके से अपने पुराने रिश्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाढ़ अनुमंडल उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। बचपन से ही उन्हें नीतीश कुमार का आशीर्वाद मिलता रहा है और आज नीतीश कुमार जो कहते हैं, उसे पूरा करना उनका काम है।

चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी

पटना स्नातक सीट पर मुकाबला अब सिर्फ प्रत्याशियों के बीच चुनावी लड़ाई तक सीमित नहीं दिख रहा है। नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच सामने आए मतभेद ने इस चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। एक तरफ नीरज कुमार लगातार नीतीश कुमार के नाम और अपने संगठनात्मक अनुभव को चुनावी मुद्दा बना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अनंत सिंह का रुख जेडीयू उम्मीदवार के लिए चुनौती बना हुआ है।

बाढ़ की सभा से नीरज कुमार ने यह संकेत जरूर दे दिया कि वह व्यक्तिगत हमलों का जवाब देने के बजाय अपनी लड़ाई को नीतीश कुमार के समर्थन और उनके राजनीतिक नेतृत्व से जोड़कर आगे बढ़ाएंगे। अब देखना होगा कि नीरज के इस 'विषैले तीर' वाले बयान पर अनंत सिंह की तरफ से क्या पलटवार आता है।