PATNA: छातापुर से बीजेपी विधायक और बिहार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह उर्फ नीरज बबलू ने खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के संस्थापक खान सर को फर्जी आदमी बताया और कार्रवाई की मांग की। नीरज बबलू ने कहा कि ई जो खान हैं ना जिसको फैजल खान करते हैं, एक नंबर का फ्रॉड है ई खनवा, इसका यूपी में ही घर परिवार के लोग कह रहे हैं कि यह कोई टीचर नहीं बल्कि फर्जी आदमी है। यह पढ़ाई कम करता है, नेतागिरी ज्यादा बतियाते रहता है और डायलॉगबाजी ज्यादा करता रहता है। 


पटना में कोचिंग सेंटर पर हमला, तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। वही कोर्ट ने खान सर को अंतरिम राहत देते हुए गिरफ्तारी या अन्य दंडात्मक कार्रवाई किए जाने पर फिलहाल रोक लगा दी है। कोर्ट का अगला आदेश आने तक वो कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र हैं। जबकि इसी मामले में आरोपी ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया है। रौशन आनंद की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया। अब रौशन आनंद के वकील उनकी जमानत कराने को लेकर नए सिरे से तैयारी शुरू कर दी है। 


खान सर को लेकर पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि जिस तरह से यह अपना संस्था खड़ा किया है इसका ना तो कोचिंग रजिस्टर्ड है और ना ही हॉस्पिटल रजिस्टर्ड है। कही कोई इसका रजिस्टर्ड नहीं है। इसका बॉडीगार्ड गोली चलाया है कि इस पर तो कार्रवाई पहले होनी चाहिए थी। 


नीरज बबलू ने आगे कहा कि हमको लगता है कि इसमें पुलिस देर कर दी है। फिलहाल अगर स्टे मिला है तो यह फाइनल स्टे नहीं है। अभी कोर्ट में मामला है यदि आने वाले समय में पुलिस को मौका मिलता है तो पुलिस को इसके ऊपर कार्रवाई करनी चाहिए। 


वही ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद के जेल भेजे जाने पर नीरज कुमार बबलू ने कहा कि जिस तरह से रौशन आनंद को जबरदस्ती फंसाया गया है, रौशन आनंद कोसी इलाके का है। हम उसको व्यक्तिगत रूप से भी जानते हैं, वह अच्छा लड़का है। रौशन आनद का अच्छा और सपोर्टर ज्यादा है। वो बच्चों को अच्छा पढ़ाता है। रौशन आनंद के साथ अन्याय हुआ है। रौशन के साथ बिलकुल गलत हुआ है। जबकि  खान फर्जी आदमी है उसके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए थी।