Railway Mega Block: उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड पर यात्रियों को अगले 20 दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यूपी के पिपराइच और उनौला रेलवे स्टेशनों के बीच डबलिंग कार्य और सिग्नलिंग सिस्टम के अपग्रेडेशन को लेकर रेलवे ने 20 मई से 9 जून तक मेगा ट्रैफिक ब्लॉक घोषित किया है।


पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा इस दौरान प्री-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का तकनीकी कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई लंबी दूरी की ट्रेनों को मुजफ्फरपुर, छपरा ग्रामीण, भटनी और गोरखपुर के रास्ते डायवर्ट कर चलाया जाएगा।


20 मई से 9 जून तक कई पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द

मेगा ब्लॉक का सबसे अधिक असर लोकल पैसेंजर ट्रेनों पर पड़ेगा। गाड़ी संख्या 55097 नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट पैसेंजर 20 मई से 9 जून तक पूरी तरह रद्द रहेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 55096, 55098, 55048, 55047 और 55039 जैसी कई पैसेंजर ट्रेनें 20 मई से 8 जून तक निर्धारित समय पर नहीं चलेंगी।


दिल्ली, भागलपुर और आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेनें भी प्रभावित

रेलवे ने कई समर स्पेशल और वीकली स्पेशल ट्रेनों को भी अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया है।

* 04010 दिल्ली-मोतिहारी स्पेशल – 28 मई और 4 जून को रद्द

* 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली स्पेशल – 30 मई और 6 जून को रद्द

* 09451 गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल – 29 मई और 5 जून को रद्द

* 09452 भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल – 1 जून और 8 जून को रद्द

* 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल – 24, 31 मई और 5, 7 जून को रद्द

* 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल – 26 मई और 2, 7, 9 जून को रद्द


कई एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया मार्ग

रेलवे ने कुछ महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने के बजाय डायवर्टेड रूट से चलाने का फैसला लिया है। इनमें कटिहार-दिल्ली एक्सप्रेस, गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस, देहरादून-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस-बरौनी एक्सप्रेस, आनंद विहार-सहरसा एक्सप्रेस और पोरबंदर-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस शामिल हैं।


इसके अलावा चर्चित सप्तक्रांति एक्सप्रेस (12557) को भी 7 जून को मुजफ्फरपुर-छपरा-भटनी रूट से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, क्योंकि बदले रूट के कारण ट्रेनों के समय में देरी हो सकती है।