Bihar School News: मुजफ्फरपुर के पारू प्रखंड स्थित लालू छपरा मध्य विद्यालय में छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और गलत तरीके से स्पर्श करने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने स्कूल के विशिष्ट शिक्षक रतन लाल सहनी और प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी को निलंबित कर दिया है।



शिक्षा विभाग के अनुसार, शिक्षक रतन लाल सहनी पर छात्राओं को कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने के आरोप हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।



वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापिका कलावती कुमारी पर आरोप है कि शिक्षक के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर शिकायत मिलने के बाद भी उन्होंने समय पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की। विभाग ने इसे उनके कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही माना है।



शिक्षा विभाग की ओर से दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उनके विरुद्ध अलग-अलग आरोप पत्र जारी किए जाएंगे। विभागीय कार्यवाही के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जाएगी।