Muzaffarpur Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। कांटी थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक स्कूल के मुख्य गेट और आसपास की दीवार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दहशत फैला दी। अपराधियों ने करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद बदमाशों ने स्कूल के गेट पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला धमकी भरा पर्चा भी चिपका दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मामला कांटी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल के पास का है। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी स्कूल के मुख्य गेट के समीप पहुंचे। दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे। पहले उन्होंने स्कूल के गेट पर रंगदारी से संबंधित धमकी भरा पर्चा चिपकाया और इसके बाद अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्कूल प्रशासन से मांगी 50 लाख की रंगदारी

अपराधियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर जो पर्चा चिपकाया, उसमें स्कूल प्रशासन से 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई है। पर्चे में कथित तौर पर मांग पूरी नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। पुलिस अब इस पर्चे को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

फायरिंग के दौरान अपराधियों ने स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और गेट को निशाना बनाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब दो दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए बाइक से मौके से फरार हो गए।

गेट और दीवार पर मिले गोलियों के निशान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी और कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से कई खोखे बरामद किए गए हैं। स्कूल की बाउंड्री वॉल, दीवार और मुख्य गेट पर गोलियों के निशान भी मिले हैं।पुलिस ने बरामद खोखों को जांच के लिए सुरक्षित किया है। इसके साथ ही घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है, ताकि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और अपराधियों की पहचान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

CCTV में कैद हुए दो बाइक सवार शूटर

वारदात के बाद पुलिस ने स्कूल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जांच में दो संदिग्ध बाइक सवार युवक कैमरे में दिखाई दिए हैं। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। पुलिस के अनुसार फुटेज में दोनों संदिग्ध स्कूल के मुख्य गेट के पास पहुंचते नजर आ रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने पहले गेट पर रंगदारी का पर्चा चिपकाया और इसके बाद स्कूल के आसपास घूमते हुए फायरिंग की। पुलिस अब उनके आने और भागने के रास्ते की पहचान करने के लिए आसपास के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

जमीन विवाद समेत कई एंगल से जांच

पुलिस इस घटना को केवल रंगदारी से जोड़कर नहीं देख रही है। स्कूल की जमीन से जुड़े संभावित विवाद और अन्य पुराने विवादों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूल प्रशासन से रंगदारी मांगने के पीछे कौन लोग हैं और क्या इस वारदात के पीछे कोई पुराना विवाद भी जुड़ा हुआ है।

एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों के आने और भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस रंगदारी के अलावा जमीन विवाद समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल स्कूल के गेट पर चिपकाए गए 50 लाख की रंगदारी वाले पर्चे और ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटरों तक पहुंचना और यह पता लगाना है कि स्कूल प्रशासन को किस वजह से निशाना बनाया गया।