Bihar Road Projects: बिहार में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेन परियोजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कर लिया गया है और इसे मंजूरी के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुख्यालय भेजा गया है।
करीब 100 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना पर लगभग 3000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के डीपीआर में कई बार संशोधन किया गया है। शुरुआत में केवल फोरलेन सड़क का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में रामदयालु आरओबी को भी इसमें शामिल किया गया।
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, प्रस्ताव की जांच मुख्यालय स्तर पर की जाती है और मंजूरी मिलने के बाद ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होती है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग दो महीने का समय लग सकता है। यह फोरलेन सड़क चांदनी चौक से बरौनी तक प्रस्तावित है। इसके निर्माण से मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, पूर्णिया और पश्चिम बंगाल तक आवागमन आसान हो जाएगा।
वर्तमान में मुजफ्फरपुर से पूर्णिया जाने के लिए दरभंगा फोरलेन होकर लगभग 300 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन इस नए फोरलेन के बनने के बाद यह दूरी घटकर लगभग 250 किलोमीटर रह जाएगी। परियोजना के तहत ताजपुर कोल्ड स्टोरेज, मुसरीघरारी और दलसिंहसराय चौक पर एलिवेटेड स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे। साथ ही 20 से अधिक पुल और पुलियों का निर्माण प्रस्तावित है।
यह सड़क मुजफ्फरपुर के कई प्रखंडों को सीधा लाभ पहुंचाएगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसे बिहार के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।