PATNA: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति, बढ़ते तेल संकट और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश आज गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, लेकिन केंद्र सरकार समय रहते सही निर्णय लेने में विफल रही है।


‎वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि जब 28 फरवरी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध और संकट की स्थिति शुरू हो गई थी, तभी यह स्पष्ट हो गया था कि आने वाले समय में तेल और डॉलर को लेकर देश पर असर पड़ेगा। लेकिन केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री चुनावी गतिविधियों में व्यस्त रहे और समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पहले ही जनता से अपील करती और सही रणनीति बनाती, तो आज देश को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।


‎उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री देशवासियों से तेल कम इस्तेमाल करने, विदेश यात्रा कम करने और खर्चों में कटौती की अपील कर रहे हैं, जबकि यह कदम पहले उठाए जाने चाहिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दूरदर्शिता के साथ काम नहीं कर रही है और सिर्फ सत्ता में बने रहने की राजनीति कर रही है।


‎वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री 150 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं और ऐसे समय में उन्हें गंभीरता, जिम्मेदारी और मजबूत विजन के साथ देश का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश आज महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों को कम करने के बजाय प्रचार और छवि निर्माण में अधिक व्यस्त दिखाई दे रही है।


‎उन्होंने कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बड़े मुद्दों पर समय रहते निर्णय लेने में असफल रही है, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वीआईपी पार्टी हमेशा जनता के हित, गरीबों के अधिकार और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी।


‎मुकेश सहनी ने कहा कि देश का युवा और आम जनता अब सब कुछ समझ रही है और आने वाले समय में जनता सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए सरकार को गंभीर आर्थिक नीतियां बनानी चाहिए और सिर्फ अपीलों के भरोसे देश नहीं चलाया जा सकता। ‎इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।