PATNA: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने उत्तर प्रदेश में निषाद आरक्षण को लेकर भाजपा और मंत्री डॉ. संजय निषाद पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से वीआईपी पार्टी निषाद समाज के आरक्षण और सम्मान की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन भाजपा ने समाज को सिर्फ आश्वासन देने का काम किया है।
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी आज चंदौली में एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि मंत्री डॉ. संजय निषाद आंदोलन के जरिए समाज की आवाज बने थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद वे अपने मूल एजेंडे से भटक गए। आज वे खुद मीडिया के सामने यह कह रहे हैं कि उनके समाज की बहू-बेटियों के साथ अन्याय हो रहा है, झूठे मुकदमे किए जा रहे हैं और वोट चोरी हो रहा है। अगर एक मंत्री रहते हुए भी वे असहाय हैं तो उन्हें कुर्सी छोड़कर समाज के साथ खड़ा होना चाहिए।
मुकेश सहनी ने घोषणा करते हुए कहा कि 25 जुलाई से वीरांगना फूलन देवी के शहादत दिवस पर उत्तर प्रदेश में 101 दिनों की संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा के दौरान गांव-गांव जाकर निषाद समाज को गंगाजल हाथ में देकर यह संकल्प दिलाया जाएगा कि “आरक्षण नहीं तो भाजपा को वोट नहीं।” उन्होंने कहा कि इस बार समाज अपना वोट नहीं बेचेगा और भाजपा का भ्रम टूट जाएगा। निषाद को 'गंगा पुत्र बताते हुए कहा कि जब लोग हाथ मे गंगाजल ले कर संकल्प ले लेंगे तो उसकी लाज भी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से अपने घोषणापत्र में मछुआरों और निषाद समाज को आरक्षण देने की बात करती रही है, लेकिन अब भाषण नहीं बल्कि परिणाम चाहिए। केंद्र और उत्तर प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है, ऐसे में अगर इच्छा शक्ति हो तो कैबिनेट में फैसला लेकर तुरंत आरक्षण दिया जा सकता है।
मुकेश सहनी ने कहा कि अगले छह महीने तक वे कोई बड़ा राजनीतिक फैसला नहीं लेंगे और चाहते हैं कि डॉ. संजय निषाद समाज को आरक्षण दिलाएं। अगर वे ऐसा नहीं कर पाते हैं तो इंडिया गठबंधन के साथ आकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जातीय जनगणना और “जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी हिस्सेदारी” की बात कर रहे हैं और 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा तोड़ने का संकल्प ले चुके हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल और दूध की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। सरकार के पास कोई विजन नहीं है और हर फैसला बिना तैयारी के लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ प्रचार में लगी है जबकि गरीब, पिछड़े और कमजोर वर्ग परेशान हैं। बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है और निर्दोष लोगों को फंसाने का काम किया जा रहा है।