PATNA: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने आज पटना के मरीन ड्राइव क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ित परिवारों से राहत एवं सहायता की स्थिति की जानकारी ली और सरकार से प्रभावित लोगों तक तत्काल और पर्याप्त मदद पहुंचाने की अपील की।
मुकेश सहनी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत और बचाव कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जिस तरह की परिस्थितियां सामने आ रही हैं, उसे देखते हुए मौजूदा राहत व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से राहत कार्यों में और तेजी लाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण कई परिवारों के सामने भोजन, पीने के पानी, दवा और रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे समय में प्रशासन को प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने में किसी तरह की देरी नहीं करनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में आवागमन बाधित है, वहां नावों के माध्यम से राहत सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
सहनी ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को केवल तत्काल राहत ही नहीं, बल्कि उनके नुकसान का उचित आकलन कर आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से किसानों की फसल, घरों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का सर्वेक्षण कर मुआवजा देने की भी मांग की।
वीआईपी संस्थापक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करने की जरूरत है। राहत शिविरों में रहने वाले लोगों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए और बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की पीड़ा को दूर करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि राहत कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए।