Bihar news : बिहार के मोकामा में एक बार फिर गैंगवार और वर्चस्व की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है। बाहुबली विधायक Anant Singh के करीबी समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर कुख्यात सोनू-मोनू गैंग द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार छापेमारी में जुटी हुई है।


बताया जा रहा है कि पूरा विवाद एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ। 22 मई को मुकेश कुमार ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी की तारीफ की थी। इसी पोस्ट को लेकर सोनू-मोनू गैंग के पिता प्रमोद सिंह ने आपत्ति जताई। उन्होंने मुकेश से पोस्ट हटाने के लिए कहा।


मुकेश कुमार के अनुसार, उन्होंने साफ कहा कि पोस्ट में किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लिया गया है और यह सिर्फ पंचायत व पुलिस प्रशासन के काम की सराहना थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में गैंग के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए और मुकेश कुमार पर फायरिंग कर दी गई। हालांकि वह बाल-बाल बच गए।


घटना पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव की बताई जा रही है। मुकेश कुमार ने कहा कि वह गांव के एक व्यक्ति के साथ पंचायत संबंधी काम से जा रहे थे, तभी रास्ते में प्रमोद सिंह से मुलाकात हुई और विवाद बढ़ गया। फायरिंग होते ही उन्होंने तुरंत थाना प्रभारी को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी वहां से फरार हो गए।


मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब पुलिस सोनू-मोनू के घर दबिश देने पहुंची। आरोप है कि घर के बाहर मौजूद महिलाओं ने पुलिस को अंदर जाने से रोक दिया। करीब आधे घंटे तक पुलिस और महिलाओं के बीच बहस होती रही। इसी दौरान सोनू-मोनू पीछे के रास्ते से फरार हो गए।


सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गैंग के समर्थकों ने पुलिसकर्मियों की ही तलाशी ले डाली। बताया जा रहा है कि घर में प्रवेश करने से पहले थाना अध्यक्ष समेत अन्य पुलिसकर्मियों की जांच की गई, तब जाकर उन्हें अंदर जाने दिया गया। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


घटना के बाद हाथीदह, मरांची और पंचमहला समेत कई थानों की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और इसी दौरान सोनू कुमार द्वारा हवाई फायरिंग की गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश जारी है।


गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब सोनू-मोनू गैंग और Anant Singh आमने-सामने आए हों। इससे पहले जनवरी 2025 में नौरंगा गोलीकांड ने पूरे बिहार में सुर्खियां बटोरी थीं। उस दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी। उस मामले में अनंत सिंह और सोनू-मोनू दोनों पक्षों पर कार्रवाई हुई थी।


मोकामा में लंबे समय से वर्चस्व की यह लड़ाई जारी है। अनंत सिंह को इलाके का बाहुबली नेता माना जाता है और वे पांचवीं बार विधायक बने हैं। ऐसे में सोनू-मोनू गैंग की ओर से लगातार चुनौती दिए जाने से इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।