PATNA: बाढ़ अनुमंडल के मोकामा स्थित रामशरण स्मारक रेलवे एडेड उच्च विद्यालय सह सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में बाढ़ अनुमंडल पदाधिकारी गरिमा लोहिया ने अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। एसडीएम के औचक निरीक्षण से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल, बोर्ड-मार्कर समेत कई जरूरी व्यवस्थाओं में कमियां मिलीं। इस पर एसडीएम ने विद्यालय प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। मामले में प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया।
कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल का भी किया निरीक्षण
विद्यालय के बाद एसडीएम ने कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल टाइप-4 का भी निरीक्षण किया। यहां रहने वाले बच्चों ने भोजन, साफ-सफाई और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर शिकायतें कीं। बच्चों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने मौके पर ही मामले की जांच कराई। निजी रसोइया कुमारी रिंकी पर बच्चों से खाना बनवाने और मारपीट करने के आरोप सामने आए। जांच के बाद रसोइया को बर्खास्त कर दिया गया। वहीं, हॉस्टल की वार्डन कुमारी हिना सिंह को भी शो-कॉज किया गया है। विद्यालय में तैनात गार्ड अनिल सिंह को लेकर भी छात्रों ने एसडीएम से शिकायत की।
बच्चों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
एसडीएम गरिमा लोहिया ने बच्चों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय और हॉस्टल की व्यवस्थाओं का खुद जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कमियों को दूर करने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण और तत्काल कार्रवाई के बाद विद्यालय प्रशासन और हॉस्टल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।