PATNA: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर बिहार की सम्राट चौधरी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ लाठीचार्ज कराई। मीसा भारती ने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार ‘लाठीचार्ज करने वाली सरकार’ बन गई है।


मीसा भारती ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में एके-47 से गोली चलने की घटनाएं हो रही हैं। सीवान के डीएम और एसपी को हटाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनके लिए कोई अच्छी जगह तलाश रही है, इसलिए उनकी नई पोस्टिंग नहीं की जा रही है।


छात्रों की मांग को बताया जायज

छात्रों के आंदोलन को लेकर मीसा भारती ने कहा कि विपक्ष अगर छात्रों का समर्थन करता है तो सत्ता पक्ष के लोग इसे प्रायोजित आंदोलन बताते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है और सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।


चीनी की कीमत और मंत्रियों के बयान पर निशाना

वही चीनी की कीमतों को लेकर भी मीसा भारती ने बिहार सरकार के मंत्रियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक मंत्री ने दावा किया कि चीनी के मामले में किसानों को फायदा होगा। मीसा ने कहा कि मंत्री को यह समझना चाहिए कि गन्ना बिकने तक ही किसान को फायदा मिलता है।


उन्होंने एक अन्य मंत्री के उस कथित बयान पर भी तंज कसा, जिसमें चीनी खाने की जरूरत पर सवाल उठाया गया था। मीसा भारती ने कहा कि अगर चीनी की कीमत 1,000 रुपये किलो भी हो जाए तो क्या बिहार के लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं होगी? उन्होंने इस तरह के बयान को बेतुका बताया।


नीतीश कुमार की चुप्पी पर भी सवाल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुप्पी को लेकर पूछे गए सवाल पर मीसा भारती ने कहा कि अगर उनकी तबीयत खराब है तो यह अलग बात है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के साथ उनके परिवार के पुराने संबंध हैं, इसलिए वह उनकी तबीयत को लेकर कुछ नहीं कहना चाहतीं।


हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि अगर नीतीश कुमार की तबीयत खराब नहीं है तो फिर उनकी स्थिति के बारे में जनता को कौन बताएगा? मीसा ने कहा कि इसका जवाब उन दो लोगों को देना चाहिए, जिन पर उन्होंने नीतीश कुमार को ‘बंधक’ और ‘हाईजैक’ करके रखने का आरोप लगाया।


उन्होंने संजय झा और ललन सिंह का नाम लेते हुए कहा कि दोनों नेताओं को बताना चाहिए कि आखिर नीतीश कुमार की स्थिति क्या है। मीसा ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को प्रणाम किया था, लेकिन जवाब दोनों नेताओं की ओर से आया, जबकि नीतीश कुमार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।


उपेंद्र कुशवाहा पर भी साधा निशाना

इंडिया गठबंधन में चल रहे विवाद और विरासत को लेकर दिए जा रहे बयानों पर मीसा भारती ने उपेंद्र कुशवाहा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा कौन होते हैं विरासत पर दावा करने वाले? उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं को बिहार की चिंता नहीं है, बल्कि वे अपनी राजनीति और अपने हितों को लेकर चिंतित हैं। अंत में मीसा भारती ने सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “निकम्मी, नकारा और हत्यारी सरकार” करार दिया।

पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट