Bihar News: बिहार सरकार राज्य में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। अब सरकार ने मदरसों में भी स्मार्ट क्लास शुरू करने की योजना बनाई है, ताकि वहां पढ़ने वाले छात्र आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जुड़ सकें।


सरकार का लक्ष्य है कि इस वित्तीय वर्ष के भीतर राज्य के सभी सरकारी अनुदान प्राप्त मदरसों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। शिक्षा विभाग ने इस दिशा में बड़ी पहल करते हुए योजना पर काम शुरू कर दिया है।


राज्य में वर्तमान समय में 1942 सरकारी अनुदान प्राप्त मदरसे संचालित हैं। सरकार की योजना है कि इन सभी मदरसों में चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की जाए। फिलहाल 75 मदरसों में स्मार्ट क्लास शुरू करने की मंजूरी दी जा चुकी है। इसके बाद धीरे-धीरे बाकी मदरसों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


शिक्षा विभाग के अनुसार स्मार्ट क्लास की शुरुआत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर से की जाएगी। इसके तहत छात्रों को आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कर सकें। इसके साथ ही शिक्षकों के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे डिजिटल टूल्स और आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।


शिक्षा विभाग का मानना है कि मदरसों के छात्र पारंपरिक धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ विज्ञान, गणित और कंप्यूटर शिक्षा जैसी आधुनिक विषयों का भी लाभ उठा सकते हैं। इससे छात्रों की समग्र साक्षरता और डिजिटल स्किल्स में सुधार होगा। हालांकि सरकार के सामने प्रशिक्षित शिक्षकों की कमी और पारंपरिक पाठ्यक्रम के साथ आधुनिक शिक्षा के संतुलन जैसी चुनौतियां भी हैं। शिक्षा विभाग इन समस्याओं को दूर करने के लिए रणनीति तैयार कर रहा है।


बिहार सरकार छात्रों की पढ़ाई को लेकर गंभीर नजर आ रही है। इसी के तहत गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी छात्रों के लिए विशेष अध्ययन व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो और छात्रों का शैक्षणिक स्तर बेहतर बनाया जा सके।