Khan Sir : पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र-छात्राएं खान सर के आवास के बाहर जुट गए और सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते इलाके में बड़ी संख्या में छात्रों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी।
प्रदर्शन के दौरान छात्र लगातार खान सर के समर्थन में नारेबाजी करते रहे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। इस बीच खान सर अपने घर की बालकनी में दिखाई दिए। उन्होंने हाथ जोड़कर छात्रों से शांति बनाए रखने और सड़क खाली करने की अपील की। खान सर ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे किसी तरह की अव्यवस्था न फैलाएं और अपने घर लौट जाएं।
हालांकि खान सर की अपील का तत्काल असर नहीं दिखा। कई छात्र और छात्राएं सड़क पर डटे रहे और घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि जब उनके शिक्षक की सुरक्षा ही खतरे में है तो वे चुप नहीं बैठ सकते। उनका आरोप था कि जिस शिक्षक ने लाखों छात्रों के भविष्य को दिशा देने का काम किया है, उसके संस्थान पर हमला बेहद चिंताजनक है।
मीडिया से बातचीत के दौरान एक छात्रा ने कहा कि उन्हें यह जानने का अधिकार है कि आखिर इतनी बड़ी घटना कैसे हुई। छात्रा ने कहा कि अगर किसी को खान सर की लोकप्रियता से परेशानी है तो उसे भी बेहतर शिक्षा देकर छात्रों का विश्वास जीतना चाहिए। एक अन्य छात्रा ने कहा कि कोचिंग संस्थान पर हमला सिर्फ एक शिक्षक पर नहीं बल्कि हजारों छात्रों की भावनाओं पर हमला है।
कई छात्रों ने यह भी दावा किया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे सीधे मौके पर पहुंचे थे। उनका कहना था कि जब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो जाती और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी चिंता बनी रहेगी। कुछ छात्राओं ने भावुक होते हुए कहा कि खान सर हमेशा छात्रों के हित की बात करते हैं और जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करते हैं, इसलिए वे अपने शिक्षक के समर्थन में खड़े हैं।
उधर, पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करती रही। यातायात बाधित होने के कारण प्रशासन ने छात्रों से सड़क खाली करने की अपील की। स्थिति को सामान्य बनाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
दरअसल, मंगलवार देर रात कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई थी। जानकारी के अनुसार कुछ युवक देर रात संस्थान के बाहर पहुंचे और वहां लगे पोस्टरों को फाड़ दिया। विरोध करने पर उन्होंने सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, जिसमें गार्ड घायल हो गया। घायल कर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही कोचिंग संस्थान के कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद खान सर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने आशंका जताई कि इस हमले के पीछे कुछ असामाजिक तत्वों के साथ-साथ प्रतिस्पर्धी कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों की भी भूमिका हो सकती है। खान सर ने बताया कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं और उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।