KATIHAR:  बिहार के कटिहार जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रशासन की ओर से राहत सामग्री, दवाओं और तटबंधों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। इसके बावजूद प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।


संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक कर सभी अंचल अधिकारियों (CO), एडीएम आपदा प्रबंधन और फ्लड कंट्रोल डिवीजन के अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को तटबंधों की प्रतिदिन निगरानी करने और ग्राउंड जीरो पर जाकर निरीक्षण करने को कहा गया है।


जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि जिले में बाढ़ से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाओं के साथ-साथ पॉलीथीन शीट समेत अन्य जरूरी सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि पशु चारा और अन्य आवश्यक सामान की उपलब्धता को लेकर भी टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति में राहत कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।


तटबंधों की रोजाना होगी निगरानी

जिलाधिकारी ने बताया कि फ्लड कंट्रोल डिवीजन के कार्यपालक अभियंताओं और जेई के साथ बैठक कर उन्हें तटबंधों की प्रतिदिन निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। सभी अंचल अधिकारी भी संबंधित इलाकों में जाकर खुद स्थिति का जायजा ले रहे हैं. प्रशासन की ओर से तटबंधों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।


फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं

जिलाधिकारी के मुताबिक, अभी कटिहार जिले में कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। हालांकि गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से गंगा के अपस्ट्रीम इलाकों, जैसे बनारस और प्रयागराज में जलस्तर घटने की खबरें मिल रही हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कटिहार में भी जलस्तर कम होने की उम्मीद है। फिलहाल जिला प्रशासन की ओर से सतत निगरानी जारी है और किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी गई हैं।