Bihar News : जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के किनारे अनियमित रूप से लगने वाले ठेला-खोमचा दुकानदारों को व्यवस्थित करने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। दीघा गोलंबर के नीचे विकसित किए जा रहे प्रस्तावित वेंडिंग जोन में करीब 250 फुटपाथी दुकानदारों को बसाने की तैयारी की जा रही है। इस पूरी योजना का उद्देश्य सड़क किनारे अतिक्रमण को कम करना और दुकानदारों को एक सुरक्षित व व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है।
नगर निगम ने इस परियोजना के लिए आधारभूत संरचना के निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया है। दानापुर अंचलाधिकारी द्वारा वेंडिंग जोन के विकास के लिए नगर निगम को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी प्रदान कर दिया गया है। इससे अब परियोजना से जुड़े पीसीसी सड़क निर्माण, नाला निर्माण और अन्य विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस पूरी योजना पर कुल 2.96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। फिलहाल इसके लिए निविदा प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।
परियोजना के पहले चरण में 15 मई तक चयनित क्षेत्र में पीसीसी सड़क का निर्माण और पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य किया जाएगा, ताकि दुकानदारों को अस्थायी रूप से व्यवस्थित किया जा सके। इसके बाद दूसरे चरण में वेंडिंग जोन का पूर्ण विकास किया जाएगा, जिसमें सभी आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।
निविदा के अनुसार पीसीसी सड़क निर्माण और पेवर ब्लॉक लगाने पर लगभग 1.39 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि भूमिगत नाले के निर्माण, हाई मास्ट लाइट लगाने और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर करीब 1.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लगभग 55 हजार वर्गफीट क्षेत्र में फरवरी से ही मिट्टी भराई का कार्य चल रहा है, जिससे जमीन को विकास कार्य के लिए तैयार किया जा सके।
इस वेंडिंग जोन को केवल बाजार स्थल के रूप में नहीं बल्कि एक आधुनिक शहरी सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां दुकानदारों और ग्राहकों के लिए पार्किंग की सुविधा, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर निगम की भविष्य की योजना इस क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने की है। इसके तहत यहां पार्क, एंटरटेनमेंट जोन और सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि यह स्थान न केवल व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र बने बल्कि लोगों के लिए एक मनोरंजन और सुविधा स्थल भी साबित हो।
इसके अलावा वेंडिंग जोन को सीधे मरीन ड्राइव और गंगा तट से जोड़ने के लिए 16 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाने की भी योजना प्रस्तावित है। इससे पैदल यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी और सड़क पर भीड़-भाड़ कम करने में मदद मिलेगी।
नगर निगम की इस पहल को शहरी विकास और फुटपाथी दुकानदारों के पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा बल्कि छोटे व्यापारियों को भी स्थायी और सुरक्षित जगह मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।