PATNA: जनता दल यूनाइटेड (JDU) आगामी 24 नवंबर को पूरे बिहार में सुशासन दिवस मनाएगी। इसे लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रमों के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के शासनकाल में हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जाएगा। 


इस बात की जानकारी JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दी। 24 नवंबर 2005 को बिहार के इतिहास का अहम दिन बताते हुए उन्होंने कहा कि इसी दिन बिहार को बदहाली से आजादी मिली थी। दरअसल, 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। 


इसी दिन को यादगार बनाने के लिए JDU हर साल सुशासन दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित करती है। इस बार भी पार्टी पूरे बिहार में आयोजन करेगी। इसके जरिए पिछले दो दशकों में हुए विकास कार्यों, सड़क, पुल, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को जनता के सामने रखा जाएगा।


JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने नीतीश कुमार के शासनकाल को बिहार के लिए बदलाव का दौर बताया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी 1947 में मिली थी, लेकिन बिहार को गरीबी, बदहाली और पिछड़ेपन से बाहर निकलने की आजादी 24 नवंबर 2005 को मिली। जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद संभाला और राज्य में विकास एवं सुशासन के नए दौर की शुरुआत हुई।


 वहीं, नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर भी संजय झा ने पलटवार किया। उन्होंने उल्टे तेजस्वी से यह सवाल किया कि उनके और उनके माता-पिता के शासनकाल में बिहार में कितने पुलों का निर्माण कराया गया था। संजय झा के इस बयान से बिहार में पुल निर्माण और विकास कार्यों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। 


एक तरफ JDU सुशासन दिवस के जरिए नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने की तैयारी में है, तो दूसरी तरफ विपक्ष के सवालों पर पार्टी के नेता जवाब दे रहे हैं। ऐसे में 24 नवंबर को होने वाले सुशासन दिवस के कार्यक्रमों के जरिए JDU बिहार की जनता के बीच अपने शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी। वहीं, इस आयोजन को लेकर बिहार की सियासत भी गरमाने के आसार हैं।


24 नवंबर को नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू पूरे बिहार में सुशासन दिवस मनाएगी। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा है कि 24/11/2005 को नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के साथ बिहार को बदहाली से आजादी मिली थी। उनके कार्यकाल में बिहार का चहुमुखी विकास हुआ।