बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी अभियान को मजबूत करने के लिए जेडीयू ने कई जिलों में जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से 6 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में सारण, तिरहुत, दरभंगा और पटना निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चार निर्वाचन क्षेत्रों में जिला प्रभारियों की तैनाती
जेडीयू की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत सारण शिक्षक, तिरहुत स्नातक/शिक्षक, दरभंगा शिक्षक/स्नातक और पटना स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी कार्यों के संचालन के लिए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने इन नेताओं को संबंधित जिलों में संगठन के साथ समन्वय कर चुनावी गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी दी है। माना जा रहा है कि जिला प्रभारियों की यह नियुक्ति जेडीयू की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है।
सारण शिक्षक सीट पर 6 नेताओं को जिम्मेदारी
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत छह जिलों में जिला प्रभारी बनाए गए हैं। सारण की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्य पप्पू वर्मा को दी गई है। वहीं सीवान में इन्द्रदेव पटेल, गोपालगंज में मंजीत सिंह, पश्चिम चंपारण में समृद्धि वर्मा, बगहा में शिवरानी प्रजापति और पूर्वी चंपारण में विशाल साह को प्रभारी बनाया गया है।इन नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में एनडीए समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी अभियान को व्यवस्थित करने और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय की जिम्मेदारी निभानी होगी।
तिरहुत में चार जिलों का जिम्मा
तिरहुत स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी पार्टी ने चार जिलों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। वैशाली की कमान विधान परिषद सदस्य महेंद्र राम को दी गई है। मुजफ्फरपुर में अजय कुशवाहा, सीतामढ़ी में नागेंद्र राउत और शिवहर में खालिद अनवर को जिम्मेदारी मिली है। तिरहुत क्षेत्र में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के बीच एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की चुनौती इन प्रभारियों के सामने होगी।
दरभंगा में भी संगठन ने कसी कमर
दरभंगा शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय में जिला प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। दरभंगा की जिम्मेदारी विनय कुमार चौधरी उर्फ अजय चौधरी को दी गई है। मधुबनी में डॉ. भारती मेहता, समस्तीपुर में महेश्वर हजारी और बेगूसराय में बब्लु मंडल को प्रभारी बनाया गया है। वहीं सूची में राज कुमार सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य, का नाम भी शामिल है।
पटना सीट पर अरुण मांझी संभालेंगे मोर्चा
सबसे ज्यादा राजनीतिक दिलचस्पी पटना स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर है। इस क्षेत्र में पटना, नवादा और बाढ़ के लिए जिला प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। पटना की जिम्मेदारी विधान परिषद सदस्य अरुण मांझी को दी गई है। नवादा में अशोक कुमार यादव और बाढ़ में प्रमोद कुमार को चुनावी कमान सौंपी गई है।
पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार एनडीए समर्थित प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। ऐसे में पटना, नवादा और बाढ़ में पार्टी संगठन को सक्रिय करना जेडीयू की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। खासकर नीरज कुमार को लेकर पार्टी के भीतर और बाहर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच जिला प्रभारियों की नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है।
संगठन के जरिए वोटरों तक पहुंचने की तैयारी
जेडीयू की इस कवायद से साफ है कि पार्टी अब विधान परिषद चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर अपनी तैयारी तेज कर रही है। जिला प्रभारियों के जरिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के साथ शिक्षक और स्नातक मतदाताओं तक एनडीए का संदेश पहुंचाने की कोशिश होगी।
विधान परिषद की इन सीटों पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। ऐसे में जेडीयू द्वारा जिलावार जिम्मेदारी तय करना इस बात का संकेत है कि पार्टी चुनाव को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। अब देखना होगा कि संगठन की यह रणनीति एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के लिए चुनावी मैदान में कितना असर पैदा करती है।