Saryu Kamla Express Time Table: भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। नेपाल के जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होगा। इस साप्ताहिक ट्रेन के चलने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। इसे भारत और नेपाल के लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।



पूर्व मध्य रेल के अनुसार, ट्रेन संख्या 15595/15596 का परिचालन साप्ताहिक आधार पर किया जाएगा। यह ट्रेन जनकपुरधाम से अयोध्या के बीच सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और गोरखपुर होते हुए चलेगी। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव भारतीय क्षेत्र में जयनगर में किया जाएगा।



सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एलएससीएन के सात, एलएसीसीएन के तीन, एलएसीसीएनई के तीन, एलएसीसीडब्ल्यू के दो और एलडब्ल्यूएलआरआरएम का एक कोच शामिल होगा। ट्रेन संख्या 15595 जनकपुरधाम से दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। इसके बाद जयनगर कस्टम यार्ड में दोपहर 2:25 से 3:25 बजे तक ठहराव होगा। मधुबनी में ट्रेन 3:48 से 3:50 बजे तक रुकेगी।



इसके बाद ट्रेन शाम 5:10 से 5:15 बजे तक शिशो और शाम 7:00 से 7:05 बजे तक सीतामढ़ी में ठहरेगी। रात 9:35 से 9:40 बजे तक रक्सौल और 10:50 से 11:20 बजे तक नरकटियागंज में ठहराव निर्धारित किया गया है।



ट्रेन अगले दिन सुबह 3:55 से 4:05 बजे तक गोरखपुर में रुकेगी। इसके बाद बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 7:25 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। ट्रेन का अयोध्या कैंट पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:10 बजे है।



वापसी में ट्रेन संख्या 15596 सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी। अयोध्या धाम में शाम 6:20 से 6:25 बजे तक ठहराव के बाद ट्रेन गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी और जयनगर होते हुए नेपाल के जनकपुरधाम पहुंचेगी। मंगलवार को जनकपुरधाम पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:40 बजे है।



रेलवे बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर ने सभी संबंधित मंडलों को ट्रेन का सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही ट्रेन के समयपालन पर विशेष ध्यान देने और इसे नियमित सुपरफास्ट, मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह परिचालन प्राथमिकता देने को कहा गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक संबंधों और यात्री आवागमन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।