PATNA: शिक्षा विभाग की कथित लापरवाही के कारण जमुई की एक छात्रा को सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। स्कूल में रजिस्ट्रेशन के दौरान छात्रा को अविवाहिता की जगह विवाहिता दर्ज कर दिया गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब वह मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का लाभ लेने पहुंची।
छात्रा का आरोप है कि रजिस्ट्रेशन के दौरान हुई इस गलती के कारण उसे योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उसने इस समस्या को लेकर जमुई के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार थक-हारकर छात्रा पटना पहुंची और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जनता दरबार में अपनी फरियाद लेकर पहुंच गई।
जनता दरबार में छात्रा ने मुख्यमंत्री को बताया कि इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। स्कूल में रजिस्ट्रेशन के दौरान उसे अविवाहिता की जगह विवाहिता दर्ज कर दिया गया, जिसके कारण वह कन्या उत्थान योजना के लाभ से वंचित है।
छात्रा की पूरी बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उसे भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा, "घर जाइए, आज आपका काम हो जाएगा। जो गलती हुई है, उसे आज ही सुधार दिया जाएगा।"
मुख्यमंत्री के इस आश्वासन के बाद छात्रा को उम्मीद है कि अब उसकी समस्या का समाधान हो जाएगा और उसे कन्या उत्थान योजना का लाभ मिल सकेगा।
पटना से प्रेम राज की रिपोर्ट