Bihar Crime News: जमुई-लखीसराय सीमा क्षेत्र में युवती के साथ कथित छेड़खानी और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने जमुई के जिलाधिकारी से फोन पर घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।



महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला उनके संज्ञान में आया। इसके बाद उन्होंने जमुई के जिलाधिकारी से बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जिलाधिकारी की ओर से उन्हें बताया गया कि घटना 19 सितंबर की है, जबकि संबंधित वीडियो 20 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।



वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान बाइक के नंबर के आधार पर की गई। इसके बाद वीडियो में नजर आ रहे युवकों की भी पहचान की गई।



पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



महिला आयोग ने पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी ली है। आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।