Bihar Special Trains: यात्रियों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. रेलवे ने अलग-अलग रूटों पर चल रही 5 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है. इस फैसले से बिहार समेत कई राज्यों के यात्रियों को राहत मिलेगी और उन्हें सफर के लिए अतिरिक्त ट्रेनें उपलब्ध हो सकेंगी.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की मांग और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह विस्तार किया गया है. अब ये स्पेशल ट्रेनें तय समय सीमा तक अपने-अपने रूटों पर चलती रहेंगी.
रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन को मिला विस्तार
रेलवे ने गाड़ी संख्या 05557/05558 रक्सौल-लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल ट्रेन के परिचालन को जुलाई महीने तक बढ़ा दिया है. यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र और डीडीयू के रास्ते यात्रियों को सुविधा देती है.
गाड़ी संख्या 05557 रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल अब 28 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी. वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 05558 लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल ट्रेन 30 जुलाई 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को परिचालित होगी.
पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन भी चलेगी आगे
रेलवे ने पटना से चर्लपल्ली के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन की अवधि भी बढ़ा दी है. यह ट्रेन गया, कोडरमा, गोमो, रांची, बिलासपुर, रायपुर, नागपुर और काजीपेट जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है.
गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल अब 29 जुलाई 2026 तक सोमवार और बुधवार को चलेगी. वहीं 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 29 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार और 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी.
पटना-खोरधा रोड और हावड़ा रूट पर भी राहत
पटना-खोरधा रोड के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को भी विस्तार दिया गया है. गाड़ी संख्या 03230/03229 पटना-खोरधा रोड-पटना स्पेशल अब जुलाई के अंत तक चलेगी. यह ट्रेन बख्तियारपुर, मोकामा, झाझा, आसनसोल, खड़गपुर, कटक और भुवनेश्वर के रास्ते संचालित होती है.
इसके अलावा पटना-हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन को सितंबर तक जारी रखने का फैसला लिया गया है. गाड़ी संख्या 02024 पटना-हावड़ा स्पेशल और 02023 हावड़ा-पटना स्पेशल ट्रेन 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को चलेगी.
सोगरिया-धनबाद स्पेशल का भी बढ़ा समय
रेलवे ने मध्य प्रदेश और झारखंड को जोड़ने वाली सोगरिया-धनबाद स्पेशल ट्रेन के परिचालन में भी विस्तार किया है. गाड़ी संख्या 09821 सोगरिया-धनबाद स्पेशल ट्रेन 16 जुलाई 2026 से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. वहीं गाड़ी संख्या 09822 धनबाद-सोगरिया स्पेशल 18 जुलाई 2026 से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी.