Indian Railway News: दीपावली और छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले रेल यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन में कोच की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है। अब यह ट्रेन 16 की जगह 20 कोच के साथ चलेगी। इसके अलावा दक्षिण भारत और उत्तर भारत से बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का भी ऐलान किया है।
रेलवे के इन फैसलों से दिल्ली-एनसीआर से पटना आने वाले यात्रियों को वंदे भारत में अधिक सीटें मिल सकेंगी। वहीं, दक्षिण भारत और पंजाब-हरियाणा से बिहार आने वाले प्रवासियों की यात्रा भी आसान होगी। उत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने त्योहारों को देखते हुए अतिरिक्त रेल सुविधाओं की घोषणा की है।
उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और पटना जंक्शन के बीच चलने वाली वंदे भारत त्योहार स्पेशल ट्रेन की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 02252 और 02251 (नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली) अब 16 की जगह 20 कोच के साथ संचालित होगी।
नई व्यवस्था के तहत नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन में 9 नवंबर 2026 से और पटना जंक्शन से चलने वाली ट्रेन में 10 नवंबर 2026 से अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। कोच की संख्या बढ़ने से सैकड़ों अतिरिक्त यात्रियों को सफर करने का मौका मिलेगा और त्योहारों के दौरान कन्फर्म सीट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
दीपावली और छठ के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे के अन्य जोनों ने भी विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।
चारलापल्ली-रक्सौल स्पेशल ट्रेन: दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) की ओर से दक्षिण भारत से बिहार के यात्रियों की सुविधा के लिए इस रूट पर स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया गया है।
चंडीगढ़-पूर्णिया जंक्शन स्पेशल ट्रेन: पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने पंजाब-हरियाणा क्षेत्र से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए इस विशेष ट्रेन की घोषणा की है।
रेलवे के इन फैसलों से त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले प्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर छठ पूजा पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनों की सुविधा काफी मददगार साबित हो सकती है।