Festival Special Trains: त्योहारों के मौसम में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 5 जोड़ी नई अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इन ट्रेनों के शुरू होने से पश्चिम बंगाल के हावड़ा और सियालदह से बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है। इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन पटना, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर और जयनगर जैसे प्रमुख शहरों के लिए किया जाएगा। खास बात यह है कि इन ट्रेनों में मुख्य रूप से सामान्य (जनरल) कोच लगाए जाएंगे, जिससे बिना रिजर्वेशन यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
1. हावड़ा-पटना-हावड़ा स्पेशल ट्रेन (03033/03034)
गाड़ी संख्या 03033 हावड़ा से शाम 5:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03034 पटना से सुबह 6:30 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बंडेल, बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, जसीडीह, झाझा, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा और राजेंद्र नगर स्टेशनों पर होगा।
2. हावड़ा-पटना-हावड़ा स्पेशल ट्रेन (03035/03036)
गाड़ी संख्या 03035 हावड़ा से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03036 पटना से दोपहर 1:35 बजे खुलेगी और देर रात 1 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बंडेल, बर्धमान, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, मोकामा और पटना साहिब स्टेशनों पर होगा।
3. हावड़ा-गोरखपुर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन (03037/03038)
गाड़ी संख्या 03037 हावड़ा से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03038 गोरखपुर से रात 8:35 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 3:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन बर्धमान, आसनसोल, जसीडीह, किऊल, बरौनी, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान और देवरिया सदर स्टेशनों पर रुकेगी।
4. हावड़ा-मुजफ्फरपुर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन (03039/03040)
गाड़ी संख्या 03039 हावड़ा से शाम 5:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03040 मुजफ्फरपुर से सुबह 9 बजे खुलेगी और रात 11:55 बजे हावड़ा पहुंचेगी।इस ट्रेन का ठहराव बंडेल, बर्धमान, आसनसोल, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी और समस्तीपुर स्टेशनों पर होगा।
5. सियालदह-जयनगर-सियालदह स्पेशल ट्रेन (03145/03146)
गाड़ी संख्या 03145 सियालदह से शाम 5 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03146 जयनगर से सुबह 10 बजे खुलेगी और देर रात 1:30 बजे सियालदह पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव नैहाटी, बंडेल, बर्धमान, आसनसोल, जसीडीह, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी स्टेशनों पर होगा।
जनरल टिकट लेकर कर सकेंगे सफर
पूर्व रेलवे की इन सभी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में मुख्य रूप से सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इससे उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। यात्री स्टेशन काउंटर से सामान्य टिकट लेकर इन ट्रेनों में सफर कर सकेंगे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन से त्योहारों के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। इन ट्रेनों के परिचालन की तारीखों और विस्तृत समय-सारिणी की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों और पीआरएस सिस्टम के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी।