Anand Kishore ED News: रिशु श्री टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने IAS अधिकारी आनंद किशोर से पूछताछ शुरू कर दी है. बुधवार को आनंद किशोर तीसरे समन पर पटना स्थित ED कार्यालय पहुंचे. इससे पहले जांच एजेंसी की ओर से उन्हें दो बार समन भेजा गया था, लेकिन वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुए थे.
तीसरे समन के बाद ED कार्यालय पहुंचे आनंद किशोर से अधिकारियों की टीम ने पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि उनसे टेंडर प्रक्रिया से जुड़े कई अहम पहलुओं पर सवाल किए जा रहे हैं. जांच एजेंसी इस मामले में उनकी भूमिका और टेंडर से जुड़े अन्य लोगों के साथ संभावित संबंधों की जानकारी जुटाने में लगी है. माना जा रहा है कि पूछताछ लंबी चल सकती है.
रिशु श्री से जुड़े टेंडर घोटाला मामले में ED की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. आनंद किशोर से पहले इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी पांच IAS अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है. अब आनंद किशोर से पूछताछ के जरिए ED इस पूरे मामले की अन्य कड़ियों को जोड़ने और टेंडर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है.
क्या है रिशु श्री टेंडर घोटाला?
ED की जांच में आरोप सामने आए हैं कि रिशु श्री सरकारी अधिकारियों की तैनाती को प्रभावित करने के साथ ही सरकारी टेंडरों की गोपनीय जानकारी पहले ही हासिल कर लेता था. आरोप है कि अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित किया जाता था और अपनी पसंद के ठेकेदारों को काम दिलाने के बदले कमीशन वसूला जाता था. इस कमीशन का हिस्सा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का भी आरोप है.
फिलहाल ED कार्यालय में आनंद किशोर से पूछताछ जारी है. जांच एजेंसी टेंडर से जुड़े दस्तावेजों, अधिकारियों की भूमिका और कथित लेनदेन के पहलुओं की पड़ताल कर रही है.