Bihar News : बिहार में चर्चित टेंडर घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई बड़े अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आनंद किशोर से करीब छह घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने उनसे ठेकेदार रिशु श्री के साथ कथित संबंधों से लेकर सरकारी टेंडर आवंटन की प्रक्रिया तक कई अहम सवाल पूछे। पूछताछ के दौरान आनंद किशोर ने कुछ सवालों के जवाब दिए, जबकि कई सवालों पर स्पष्ट जानकारी नहीं होने की बात कहकर जवाब देने से बचते नजर आए।
आनंद किशोर फिलहाल बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे नगर विकास एवं आवास विभाग और बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। इसी कार्यकाल के दौरान जारी किए गए कुछ टेंडर अब ED की जांच के दायरे में हैं।
जानकारी के मुताबिक, आनंद किशोर बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे पटना स्थित ED के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे थे। जांच एजेंसी की ओर से उन्हें इससे पहले भी दो बार समन जारी किया गया था। हालांकि, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह और नवंबर के दूसरे सप्ताह में वे निजी कारणों का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हो सके थे। तीसरे समन पर वे जांच एजेंसी के सामने पहुंचे और अपना पक्ष रखा।
सूत्रों के मुताबिक, ED ने रिशु श्री और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान मिले बयानों तथा डिजिटल दस्तावेजों को आधार बनाकर आनंद किशोर से सवाल किए। जांच अधिकारियों का मुख्य फोकस रिशु श्री के साथ उनके कथित संपर्कों और सरकारी परियोजनाओं में ठेके आवंटित करने की प्रक्रिया पर रहा।
पूछताछ के दौरान ED ने यह जानने की कोशिश की कि नगर विकास विभाग और बुडको में तैनाती के समय किन-किन परियोजनाओं के टेंडर जारी किए गए थे। इन परियोजनाओं का काम किन कंपनियों को मिला और ठेकेदार रिशु श्री या उनसे जुड़ी कंपनियों को किसी तरह का विशेष फायदा पहुंचाया गया था या नहीं। इस पर आनंद किशोर ने टेंडर आवंटन की प्रक्रिया को नियमों के अनुसार बताया।
जांच एजेंसी के सामने एक महत्वपूर्ण पहलू व्हाट्सऐप चैट का भी रहा। बताया जा रहा है कि डिजिटल बातचीत में ठेकेदार रिशु श्री ने आनंद किशोर को 'भैया' कहकर संबोधित किया था। ED ने इस बातचीत को लेकर भी सवाल किए। अधिकारियों ने जानना चाहा कि रिशु श्री से उनकी पहली मुलाकात कब हुई थी, दोनों के बीच कितनी बार बातचीत हुई और इन संपर्कों का उद्देश्य क्या था।
इसके अलावा जांच एजेंसी ने यह भी पूछा कि क्या रिशु श्री ने कभी किसी सरकारी अधिकारी की पोस्टिंग या अतिरिक्त प्रभार दिलाने के लिए उनसे संपर्क किया था? क्या उनके विभागीय या निजी संबंधों का इस्तेमाल सरकारी काम हासिल करने के लिए किया गया? नमामि गंगे और बुडको की किन परियोजनाओं में रिशु श्री से जुड़ी कंपनियों ने टेंडर हासिल किए थे? क्या किसी खास कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर की शर्तों में बदलाव किया गया था? इन सवालों के जवाब भी जांच का अहम हिस्सा रहे।
पूछताछ में सीतामढ़ी नगर निगम से जुड़ा मामला भी उठा। ED के हलफनामे में पूर्व नगर आयुक्त मुमुक्षु चौधरी की ओर से आरोप लगाया गया था कि सीतामढ़ी नगर निगम का अतिरिक्त प्रभार दिलाने के लिए रिशु श्री ने कथित तौर पर उच्च स्तर पर 25 लाख रुपये पहुंचाए थे। डिजिटल चैट में इस संबंध में तत्कालीन जिलाधिकारी से सिफारिश किए जाने का भी उल्लेख बताया गया है। हालांकि, आनंद किशोर ने पूछताछ के दौरान इस तरह की किसी भूमिका से इनकार किया।
जांच अधिकारियों ने यह भी जानने की कोशिश की कि क्या रिशु श्री या उनसे जुड़ी कंपनियों ने किसी सरकारी अधिकारी के निजी आवास पर कोई काम कराया था। इसके जरिए एजेंसी कथित कारोबारी संबंधों और सरकारी कामकाज के बीच संभावित कनेक्शन की पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि रिशु श्री से जुड़े कथित टेंडर घोटाले में ED पहले भी कई अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी डिजिटल चैट, दस्तावेजों और आरोपियों के बयानों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आनंद किशोर से हुई छह घंटे की पूछताछ भी इसी जांच का हिस्सा है। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और पूछताछ में सामने आए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। आनंद किशोर के खिलाफ इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।