Bihar News: हरियाणा और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दोनों राज्यों के बीच जल्द ही 12 नए अंतरराज्यीय बस मार्गों पर बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। इससे हरियाणा से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों का सफर पहले से अधिक आसान, सुविधाजनक और आरामदायक होगा। इन मार्गों पर एक्सप्रेस, डीलक्स, डीलक्स एसी और एसी स्लीपर बसों का संचालन किया जाएगा।
प्रस्तावित योजना के तहत गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से पटना, पूर्णिया और मधुबनी के लिए सीधी बसें चलेंगी। वहीं, गुरुग्राम और अंबाला से गया के लिए भी सीधी बस सेवा उपलब्ध होगी। प्रस्तावित मार्गों में सबसे लंबा रूट अंबाला से पूर्णिया का होगा, जिसकी दूरी करीब 1470 किलोमीटर है। जबकि गुरुग्राम से पटना के बीच 1044 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।
परिवहन सचिव अतुल द्विवेदी ने दोनों राज्यों के बीच बस संचालन से संबंधित समझौते की अधिसूचना जारी कर दी है। साथ ही इस प्रस्ताव पर 30 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। दोनों राज्यों के बीच बसों के सुचारू संचालन के लिए परमिट, किराया निर्धारण, वाहनों की आयु, टैक्स वसूली, प्रदूषण मानकों और यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित नियम प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा बसों के संचालन की निगरानी और अनधिकृत परिचालन पर रोक लगाने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार, इन अंतरराज्यीय मार्गों पर 10 साल से अधिक पुरानी बसों को चलाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी आवेदक का दूसरे राज्य में टैक्स बकाया है तो उसे नया परमिट जारी नहीं किया जाएगा। अस्थायी मालवाहक परमिट एक बार में अधिकतम 30 दिनों के लिए जारी किया जा सकेगा, जबकि पर्यटक बसों के लिए 15 दिनों का परमिट दिया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक बस में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और कम से कम एक इमरजेंसी बटन लगाना अनिवार्य होगा। यदि रास्ते में किसी बस में खराबी आती है तो दोनों राज्यों को एक-दूसरे के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध करानी होगी।
इन मार्गों पर बसें किस समय चलेंगी और प्रतिदिन कितने फेरे लगाएंगी, इसका निर्धारण अभी नहीं हुआ है। दोनों राज्यों के संबंधित परिवहन प्राधिकरण अपने परिवहन उपक्रमों से विचार-विमर्श करने के बाद बसों की समय-सारिणी तय करेंगे।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने दिवाली और छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए हरियाणा के लिए विशेष बसें चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत पटना से सात, गया से दो, पूर्णिया से 18 और दरभंगा से 22 विशेष बसें संचालित की जाएंगी।
त्योहारों के दौरान यात्रियों को बस किराये में भी विशेष छूट दी जा रही है। विभिन्न रूटों पर एसी स्लीपर बसों के किराये में 1,000 रुपये से अधिक की राहत मिलेगी। इस पहल से हरियाणा में रहने वाले बिहार के लोगों को त्योहारों पर घर पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी। वहीं, दोनों राज्यों के बीच आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।