Patna Railway News: पटना के रेल यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा मिलने वाली है. हार्डिंग पार्क पैसेंजर टर्मिनल के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है. करीब 475 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आधुनिक टर्मिनल में पांच प्लेटफॉर्म होंगे. इसका निर्माण दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहले चरण में 125 करोड़ और दूसरे चरण में 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. रेलवे बोर्ड ने पहले चरण के निर्माण के लिए राशि भी जारी कर दी है.
परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व मध्य रेल ने पटना जंक्शन की वाशिंग पिट को दूसरी जगह शिफ्ट करने का निर्देश दिया है. इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अप्रैल से रेलवे ट्रैक बिछाने का काम शुरू होगा. रेलवे की योजना है कि वाशिंग पिट हटने और मुख्य निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अगले 18 महीने में टर्मिनल तैयार कर लिया जाए.
इस टर्मिनल के शुरू होने से पटना जंक्शन पर ट्रेनों का दबाव भी कम होगा. योजना के मुताबिक, पटना जंक्शन से चलने वाली करीब 70 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन हार्डिंग पार्क टर्मिनल से किया जाएगा. इससे यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए पटना जंक्शन की भीड़भाड़ से राहत मिलेगी.
पांचों प्लेटफॉर्म भूमिगत सब-वे से जुड़ेंगे
हार्डिंग पार्क टर्मिनल में यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए भूमिगत सब-वे का निर्माण किया जा रहा है. प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 5 तक जाने के लिए अंडरग्राउंड रास्ता तैयार किया जा रहा है. इसके लिए गहरी खुदाई के बाद कंक्रीट की मजबूत दीवारें बनाई गई हैं. वहीं, छत निर्माण के लिए लोहे के सरियों का जाल बिछाने और सपोर्टिंग टावर लगाने का काम चल रहा है.
इस सब-वे के ऊपर से रेलवे ट्रैक गुजरेंगे. यात्री भूमिगत रास्ते के जरिए एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकेंगे. इससे प्लेटफॉर्म बदलने के लिए रेलवे ट्रैक पार करने या भीड़ के बीच से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
हार्डिंग पार्क पैसेंजर टर्मिनल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है. यहां यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय, व्यवस्थित ट्रेन शेड्यूलिंग और ट्रेनों के संचालन में तेजी लाने की व्यवस्था होगी. पांचों प्लेटफॉर्म के बीच भूमिगत कनेक्टिविटी रहने से यात्रियों को आवाजाही में भी आसानी होगी.
इस टर्मिनल को केवल रेलवे तक सीमित नहीं रखा जाएगा. इसे निर्माणाधीन मेट्रो, सड़क मार्ग और मल्टी मॉडल हब से भी जोड़ने की योजना है. इससे यात्रियों को ट्रेन से उतरने के बाद दूसरे परिवहन साधनों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.
टर्मिनल से बाहर निकलने वाले यात्रियों को सीधे मुख्य सड़क तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा. इससे पटना जंक्शन गोलंबर के आसपास लगने वाले जाम का दबाव भी कम होने की उम्मीद है.
हार्डिंग पार्क टर्मिनल को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है. फिलहाल यहां से करीब 70 पैसेंजर ट्रेनों को चलाने की योजना है. हालांकि, जरूरत पड़ने पर भविष्य में इस टर्मिनल से मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन भी किया जा सकेगा. 475 करोड़ रुपये की इस परियोजना से पटना के रेल परिचालन को नई व्यवस्था मिलने की उम्मीद है.