PATNA: बिहार सरकार में मंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पार्टी के संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में 13 दिसंबर को पटना में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी। वहीं, पार्टी के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया भी इसी दौरान पूरी की जाएगी। इसके लिए 10 दिसंबर से निर्वाचन कार्यक्रम शुरू होगा। 


हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के निर्देशानुसार आगामी 13 दिसंबर 2026 (रविवार) को पटना कार्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से इस बैठक का आह्वान किया है।


राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने बताया कि बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान की समीक्षा, सांगठनिक चुनाव एवं पार्टी की भावी कार्ययोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही संगठनात्मक निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। 


निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 10 दिसंबर को नामांकन, 11 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी), 12 दिसंबर को नाम वापसी तथा 13 दिसंबर को आवश्यकता पड़ने पर मतदान एवं मतगणना के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को लोकतांत्रिक, व्यवस्थित और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने राष्ट्रीय परिषद के सभी सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।