Bihar Teacher News: बिहार के गोपालगंज में सरकारी स्कूल के एक शिक्षक को छात्राओं को राजगीर घुमाना भारी पड़ गया. आरोप है कि शिक्षक ने अभिभावकों और स्कूल प्रशासन को बिना जानकारी दिए 11वीं की छह छात्राओं को अपने निजी खर्च पर राजगीर की सैर कराई. इस दौरान का वीडियो सामने आने के बाद गांव में बवाल मच गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर शिक्षक की पिटाई कर दी. मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा तो शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर जांच कराई गई. इसके बाद शिक्षक एहसान अख्तर और स्कूल के प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव को निलंबित कर दिया गया.
मामला थावे प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय का है. जानकारी के अनुसार, शिक्षक एहसान अख्तर ने 2 से 5 अक्टूबर के बीच 11वीं कक्षा की छह छात्राओं को राजगीर घुमाने ले गए थे. आरोप है कि इस भ्रमण के लिए उन्होंने अभिभावकों को सरकारी योजना के तहत यात्रा कराने की जानकारी देकर सहमति ली थी, जबकि इसके लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी. शिक्षक ने अपने निजी खर्च पर छात्राओं को घुमाया था.
वीडियो सामने आते ही स्कूल में हंगामा
15-16 अक्टूबर को छात्राओं को राजगीर घुमाने का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई. बुधवार को बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंच गए और शिक्षक एहसान अख्तर से जवाब मांगने लगे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षक की पिटाई कर दी.
इसी दौरान शिक्षक सूचित तिवारी के साथ भी मारपीट की गई. ग्रामीणों ने उन पर स्कूल में हाजिरी बनाकर गायब रहने का आरोप लगाया. वहीं, स्थिति बिगड़ती देख प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव किसी तरह वहां से निकल गए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा विद्यालय की घेराबंदी की जाएगी.
ढाई घंटे तक स्कूल में चली जांच
विद्यालय में हंगामे की सूचना मिलने के बाद उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सम्राट शिवमणि, बीपीआरओ पुष्पेंद्र पुष्कर समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद जिला शिक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर करीब ढाई घंटे तक शिक्षकों, ग्रामीणों और अन्य लोगों से पूछताछ की.
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सम्राट शिवमणि ने बताया कि मामले की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी गई है और विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जांच रिपोर्ट के बाद शिक्षक और हेडमास्टर पर गिरी गाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था. जिला शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में शिक्षक एहसान अख्तर और प्रधानाध्यापक कृष्ण भगवान यादव की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया.
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, शिक्षक एहसान अख्तर ने बिना विभागीय अनुमति छह छात्राओं को राजगीर भ्रमण कराया था. वहीं, प्रधानाध्यापक को इस अनधिकृत यात्रा की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को नहीं दी.
जांच में विद्यालय में हाजिरी बनाकर अनुपस्थित रहने, परीक्षा संचालन में अनियमितता और स्कूल प्रबंधन में गड़बड़ी से जुड़ी शिकायतें भी सही पाई गईं. वायरल वीडियो में शिक्षक के कथित आपत्तिजनक आचरण का भी उल्लेख किया गया है. फिलहाल शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है.