PATNA: बढ़ती महंगाई से लोग काफी परेशान हैं। महंगाई की मार ने आम जनता का घरेलू बजट को बिगाड़ दिया है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल चीनी, गुड़, सरसों तेल, रिफाइंड, दाल, चावल और प्याज की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। जरूरी किराना सामान महंगा होने से मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। अब तो अपने मासिक खर्च को संतुलित करने के लिए लोग खरीदारी में कटौती कर रहे हैं।
चीनी के बाद गुड़ से लेकर तेल प्याज तक हुआ महंगा
कुछ समय पहले तक 30 से 40 रुपये किलो बिकने वाला प्याज का दाम अब बढ़कर करीब 50-60- रुपये प्रति किलो हो गया है। बारिश और बाढ़ को प्याज की कीमत बढ़ने की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। सरसों तेल की कीमत भी 175 रुपये से बढ़कर करीब 185 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। वहीं रिफाइंड तेल 140 रुपये से बढ़कर 150 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
लोगों का कहना है कि उनकी आमदनी में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों के सामान लगातार महंगे होते जा रहे हैं। इससे घर का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। चीनी के बाद गुड़, तेल सहित कई किराना समानों की कीमतें लगातार बढ़ रही है। इस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं दिख रहा है। जिससे आम लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है।
गुड़ के दाम में सबसे ज्यादा उछाल
महंगाई का सबसे बड़ा असर गुड़ की कीमत पर देखने को मिल रहा है। पहले करीब 50 रुपये किलो बिकने वाला गुड़ अब बढ़कर 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इसी तरह चना दाल 80 रुपये से बढ़कर 85 रुपये और साबुत चना 75 रुपये से बढ़कर 80 रुपये प्रति किलो हो गया है। चावल की कीमत में भी 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी बताई जा रही है।
किराना दुकानदार भी बढ़ती कीमतों से परेशान
किराना व्यवसायियों का कहना है कि थोक बाजार में कीमतें बढ़ने के कारण उन्हें भी महंगे दाम पर सामान खरीदना पड़ रहा है। इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ रहा है। पहले जो ग्राहक एक किलो सामान खरीदते थे, वे अब 250 या 500 ग्राम में ही काम चला रहे हैं। अब तो चीनी की कीमत करीब 50 रुपये से बढ़कर 70 रुपये तक पहुंच गई है। लोग सरकार से बढ़ती कीमतों पर ध्यान देने की मांग कर रहे हैं।