Bihar News: बिहार के गया–पटना रेलखंड से एक बेहद चिंताजनक और गंभीर मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बेलागंज थाना क्षेत्र में बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच शुक्रवार की शाम एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली है और ट्रेन से अपने ननिहाल, बेलागंज थाना क्षेत्र के एक गांव जा रही थी। सफर के दौरान सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे ही ट्रेन बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच पहुंची, कुछ अज्ञात युवकों ने साजिश के तहत चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। यह पूरी घटना पहले से योजना बनाकर की गई प्रतीत होती है।
ट्रेन रुकते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान आरोप है कि युवकों ने युवती को जबरन नीचे उतार लिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, चार युवकों ने उसे अपने कब्जे में लेकर पास के एक सुनसान इलाके की ओर ले गए। वहां अंधेरे और एकांत का फायदा उठाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद किसी तरह पीड़िता वहां से बाहर निकली और मामले की जानकारी सामने आई। जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली, पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर करीब 10 युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं पीड़िता के बयान के आधार पर शनिवार को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने सुनसान स्थान और अंधेरे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।