PATNA:अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी आज बिहार दौरे पर हैं। पटना पहुंचने के बाद वो सारण के मस्तीचक स्थित श्रीरमेशपुरम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। जिसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। 


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर करते हुए यह लिखा है कि देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं अदानी समूह के चेयरमैन श्री गौतम अदाणी जी ने शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने बिहार के विकास के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। 


वही गौतम अदाणी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा कि आज पटना में बिहार के लोकप्रिय और ऊर्जावान मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से हुई सार्थक मुलाकात ने राज्य के उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारे विश्वास को और मजबूत किया। अदाणी समूह बिहार के विकास को नई दिशा देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा के क्षेत्रों में सक्रिय सहयोग के साथ रोजगार सृजन और सामाजिक सेवा के कार्यों हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। 


बता दें कि अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बिहार के मस्तीचक में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 150 करोड़ रुपये की नेत्र चिकित्सा परियोजना की शुरुआत की। ‘सेवा ही साधना है’के मूलमंत्र के साथ शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य गांवों तक सस्ती और बेहतर आंखों की चिकित्सा पहुंचाना है। अदाणी फाउंडेशन की ओर से अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सहयोग से “अदाणी सेंटर फॉर आई (ACE)” और “अदाणी ट्रेनिंग इन ऑप्थैल्मिक मेडिसिन (ATOM)” की स्थापना की जाएगी। इस परियोजना के तहत हर साल करीब 3.3 लाख आंखों की सर्जरी और 1,000 स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में 10 एंबुलेंस को भी रवाना किया गया, ताकि दूरदराज गांवों तक नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा सकें। इस मौके पर डॉ. प्रीति अदाणी और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सह-संस्थापक मृत्युंजय तिवारी भी मौजूद रहे।


गौतम अदाणी ने इस दौरान देशभर में नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना केवल इलाज नहीं, बल्कि उसके जीवन में उम्मीद और सम्मान वापस लाना है। अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल ने भागलपुर के पीरपैंती में 200 बेड का अस्पताल स्थापित करने की भी घोषणा की है। वहीं बिहार में अदाणी समूह का कुल निवेश करीब 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जिसमें पीरपैंती का 2400 मेगावाट पावर प्लांट, स्मार्ट मीटर परियोजना और सीमेंट इकाइयों का विस्तार शामिल है। अखण्ड ज्योति आई हॉस्पिटल, जो वर्ष 2005 में 30 बेड के अस्पताल के रूप में शुरू हुआ था, अब तक 14 लाख से अधिक लोगों की आंखों की रोशनी लौटाने में सफल रहा है।

छपरा से पवन कुमार सिंह की रिपोर्ट