Ganga Vilas Cruise: दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज ‘गंगा विलास’ यूरोपीय पर्यटकों को लेकर मंगलवार को पटना पहुंचा। कोलकाता से चलकर पटना पहुंचे इस क्रूज पर यूरोपीय देशों के 15 पर्यटक सवार हैं। क्रूज को गायघाट स्थित भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के बंदरगाह से पूरब मीतन घाट के पास गंगा नदी में रोका गया है।




पटना पहुंचने के बाद क्रूज पर सवार विदेशी पर्यटक इसकी छत से दूरबीन के जरिए भद्रघाट पर विजयदशमी के अवसर पर हो रहे प्रतिमा विसर्जन और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते नजर आए। इस दौरान पर्यटकों ने गंगा तट पर होने वाली धार्मिक गतिविधियों को करीब से देखा।



भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि गंगा में विकसित राष्ट्रीय जलमार्ग-1 पर यात्री और मालवाहक जहाजों का परिचालन बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पटना पहुंचा गंगा विलास क्रूज गुरुवार को पर्यटकों को लेकर वाराणसी के लिए रवाना होगा। 




यात्रा के दौरान पर्यटकों को बिहार के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिसंबर तक यह क्रूज विदेशी पर्यटकों को लेकर कोलकाता, पटना और वाराणसी के बीच कई बार आवाजाही करेगा। 13 जनवरी 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से भारत में निर्मित गंगा विलास क्रूज का शुभारंभ किया था। पांच सितारा होटल जैसी सुविधाओं से सुसज्जित इस क्रूज में 50 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है।




यह क्रूज उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम से होते हुए बांग्लादेश के रास्ते डिब्रूगढ़ तक लगभग 3200 किलोमीटर की नदी यात्रा करने के लिए तैयार किया गया है। इसे दुनिया का सबसे लंबा रिवर क्रूज माना जाता है। इस यात्रा के जरिए विदेशी पर्यटकों को भारत की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से रूबरू कराया जाता है।