School Van Accident: पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में गुरुवार को स्कूली बच्चों से भरी मैजिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों से भरे गड्ढे में पलट गई. हादसे में वाहन में सवार 7 बच्चे घायल हो गए. घायलों में 5 वर्षीय गौरव कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना बिहटा-दनियावां-सरमेरा एसएच-78 पर ढीवर हाई स्कूल के पास हुई.
जानकारी के अनुसार, दनियावां स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल के बच्चों को मैजिक वाहन से सिरपतपुर गांव से स्कूल ले जाया जा रहा था. वाहन में करीब 10 बच्चे सवार थे. इसी दौरान ढीवर हाई स्कूल के पास मैजिक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे झाड़ियों से भरे गड्ढे में पलट गई.
मैजिक के गड्ढे में पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को दनियावां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिसटेक अस्पताल के डॉक्टर फॉर यू में भर्ती कराया गया. हादसे में बच्चों के सिर और हाथ में चोटें आई हैं.
7 बच्चे हुए घायल
घायल बच्चों की पहचान सिरपतपुर गांव निवासी कृष कुमार 13 वर्ष, तेजस्वी कुमार 12 वर्ष, गुलशन कुमार 10 वर्ष, शिवराज कुमार 10 वर्ष, गौरव कुमार 5 वर्ष, सौम्या कुमारी 10 वर्ष और आयुष कुमार 8 वर्ष के रूप में हुई है.
इनमें 5 वर्षीय गौरव कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. बाकी घायल बच्चों का भी उपचार कराया जा रहा है.
हादसे की सूचना मिलने के बाद बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे. बच्चों के घायल होने की खबर से परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है. परिजन लगातार बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं.