PATNA: बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की बड़ी जीत हुई है। भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले इस सीट पर प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19324 वोटों के अंतर से हराया है। पीके को कुल 64151 वोट मिले हैं, जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट मिले हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता इस उपचुनाव में तीसरे स्थान पर रही हैं। उन्हें 14273 वोट मिले हैं। प्रशांत किशोर की इस जीत को लेकर वीआईपी पार्टी के प्रवक्ता ने उन्हें जीत की बधाई और शुभकामनाए दी। कहा कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा के अहंकार को हराया, देव ज्योति ने कहा कि लोकतंत्र की जीत हुई है। 


विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता देव ज्योति ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर की जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह परिणाम लोकतंत्र की जीत और भाजपा के अहंकार की हार है। जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर स्पष्ट संदेश दिया है कि सत्ता का दंभ और जनविरोधी राजनीति अधिक समय तक नहीं चल सकती। 


देव ज्योति ने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी निषाद आरक्षण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और समाज के अधिकार, सम्मान तथा हिस्सेदारी की इस लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। 


उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को एक वोट का अधिकार दिया है। यही वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और बांकीपुर की जनता ने अपने फैसले से एक बार फिर साबित कर दिया कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का ही होता है।