Bihar News: दीपावली और महापर्व छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे बिहार और पूर्वांचल के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली-एनसीआर से बिहार जाने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट पर बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनटों में स्लीपर से लेकर एसी श्रेणियों तक में 'नो रूम' की स्थिति बन रही है। ऐसे में ट्रेन में सीट नहीं मिलने से परेशान यात्रियों के सामने अब बसों का विकल्प बचा है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली से बिहार के लिए विशेष बसों के संचालन की तैयारी की जा रही है। दिल्ली परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दिल्ली सरकार और बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) आनंद विहार और कश्मीरी गेट आईएसबीटी (ISBT) से विशेष बसें चलाने पर विचार कर रहे हैं।
BSRTC की ओर से पटना, गया, मुजफ्फरपुर, छपरा और भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों के लिए एसी और नॉन-एसी बसों का संचालन किया जा रहा है। यात्री इन बसों की बुकिंग निगम की आधिकारिक वेबसाइट या बस अड्डों के टिकट काउंटर से कर सकते हैं।
इसके अलावा, दिल्ली के आनंद विहार, मयूर विहार और सराय काले खां से बिहार के विभिन्न शहरों और जिलों के लिए निजी वॉल्वो और लग्जरी स्लीपर बसें भी चल रही हैं। आरा और दरभंगा समेत कई जगहों के लिए इन बसों की ऑनलाइन बुकिंग रेडबस (RedBus) और अन्य ट्रैवल ऐप्स के माध्यम से की जा सकती है।
दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने की बढ़ती मांग का असर बसों के किराए पर भी पड़ रहा है। सामान्य दिनों में दिल्ली से बिहार के लिए बस का किराया लगभग 840 रुपये से शुरू होकर 2,000 रुपये तक रहता है। वहीं, हाई-एंड लग्जरी और विशेष बसों का किराया 9,999 रुपये तक पहुंच सकता है।
त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग के चलते आम बसों का किराया भी बढ़कर 2,500 से 4,000 रुपये के बीच पहुंच गया है। ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को घर पहुंचने के लिए महंगी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। परिवहन विभाग के अनुमान के मुताबिक, छठ पर्व नजदीक आने के साथ ही बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ और बढ़ सकती है। ऐसे में बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए समय रहते बसों की उपलब्धता और किराए की जानकारी लेना जरूरी होगा।