Chhath Puja 2026: छठ महापर्व नजदीक आते ही दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को घर लौटने की चिंता सताने लगती है। त्योहार के दौरान ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल होता है, वहीं निजी बसों का किराया भी आम यात्रियों की जेब पर भारी पड़ता है। ऐसे में यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने एक बड़ी पहल की है। दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते के तहत दिल्ली से बिहार के लिए 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की गई हैं। इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों को 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की छूट मिलेगी।



दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने गुरुवार को इस व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छठ के दौरान घर जाने वाले लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दोनों राज्यों ने मिलकर यह व्यवस्था शुरू की है। इसके लिए दिल्ली और बिहार सरकार के बीच समझौता भी किया गया है।



आनंद विहार से बिहार के पांच मंडलों के लिए चलेंगी बसें

शुरुआती व्यवस्था के तहत दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से कुल 77 बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें बिहार के पांच मंडलों के अलग-अलग शहरों तक यात्रियों को पहुंचाएंगी। इनमें सबसे ज्यादा 36 बसें मुजफ्फरपुर के लिए निर्धारित की गई हैं। वहीं, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया जी के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें चलाई जाएंगी। इससे बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सफर का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।



एसी, नॉन-एसी, स्लीपर और सीटर बसों की सुविधा

इस विशेष बस सेवा में यात्रियों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार बस चुनने का विकल्प मिलेगा। बसों में एसी और नॉन-एसी के अलावा स्लीपर और सीटर की सुविधा भी उपलब्ध होगी। परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, इन सभी श्रेणियों की बसों के किराये में छूट दी जाएगी। रूट और बस की श्रेणी के आधार पर यात्रियों को 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की बचत होगी। इससे छठ के मौके पर घर जाने वाले लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी।



सुरक्षा के लिए लागू होंगे खास नियम

दिल्ली और बिहार सरकार के बीच हुए समझौते में यात्रियों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया है। इसके तहत इस सेवा में केवल BS-VI मानक वाली पर्यावरण अनुकूल CNG और इलेक्ट्रिक बसों को ही चलाने की अनुमति होगी। सभी बसों में वाहन की लोकेशन पता करने के लिए ट्रैकिंग सिस्टम और आपात स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी बटन लगाना अनिवार्य होगा।



इसके अलावा, दिल्ली और बिहार में जारी किए गए टिकट दोनों राज्यों में मान्य होंगे। यानी टिकट व्यवस्था को लेकर दोनों राज्यों में एक समान नियम लागू रहेगा। यह समझौता कानूनी प्रावधानों के अधीन 10 साल तक प्रभावी रहेगा।



DTC की कमाई बढ़ने की उम्मीद

इस पहल का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों को कम किराये में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प देना है। त्योहार के समय ट्रेनों और बसों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी इस व्यवस्था से मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की कमाई में भी बढ़ोतरी हो सकती है।