Bihar News : राजधानी पटना से सटे दानापुर थाना क्षेत्र के ताराचक इलाके में रविवार की शाम आपसी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद जमकर फायरिंग हुई, जिसमें तीन लोगों को गोली लगी। घटना में एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।


मृतक की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर निवासी स्वर्गीय विद्या राय के 16 वर्षीय पुत्र नितिन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नितिन अपनी मां परमिता देवी के साथ दानापुर के ताराचक स्थित ननिहाल में किराये के मकान में रहता था। वहीं घायल लोगों में आनंद बाजार निवासी 68 वर्षीय विजय कुमार और सन्नी कुमार शामिल हैं।


स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार सुबह भी दोनों गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। शाम होते-होते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और फिर गोलियां चलने लगीं। गोलीबारी के दौरान नितिन कुमार को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विजय कुमार और सन्नी कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही दानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से आठ खोखा, शराब की बोतलें, लाठी और लोहे की रॉड बरामद की हैं। बरामद सामान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।


मृतक के मामा शिव कुमार ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे उन्हें सूचना मिली कि नितिन को घर से कुछ दूरी पर गोली मार दी गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो नितिन खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और नितिन पढ़ाई कर रहा था। उसकी हत्या से पूरा परिवार टूट गया है।


घटना के बाद मृतक की मां परमिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले सड़क दुर्घटना में उनके बड़े बेटे की मौत हो गई थी। अब नितिन ही उनका एकमात्र सहारा था, लेकिन बदमाशों ने उसे भी छीन लिया। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का विलाप सुनकर आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।


घायल विजय कुमार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। उनके हाथ में गोली लगी है। वहीं सन्नी कुमार का इलाज सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह हुई मारपीट की घटना के बाद शाम में दो गुटों के बीच फिर विवाद हुआ, जो गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में एक किशोर की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। साथ ही एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य और नमूने एकत्र कर रही है।


पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। इस सनसनीखेज वारदात ने दानापुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।