DESK: छात्रों और महिलाओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो वीडियो पोस्ट कर आम लोगों की परेशानियों को उजागर किया और सरकार से सवाल पूछे।
पहले वीडियो में कांग्रेस ने परीक्षा देने जा रहे छात्रों की भारी भीड़ और उनकी परेशानियों को दिखाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच रेलवे स्टेशन पर छात्रों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। कई छात्र ट्रेन में बेहद मुश्किल परिस्थितियों में सफर करने को मजबूर हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा कि, “ये बिहार के युवा हैं, जो ट्रेन में भेड़-बकरियों की तरह भरकर पॉलिटेक्निक परीक्षा देने जा रहे हैं। बीजेपी सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज युवाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है।” कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या बीजेपी नेताओं के बच्चे भी इस भीषण गर्मी में इसी तरह यात्रा करेंगे?
पानी की समस्या को लेकर भी सरकार पर हमला
कांग्रेस ने दूसरे पोस्ट में महिलाओं की पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का एक वीडियो साझा किया, जिसमें महिलाएं और स्थानीय लोग भीषण गर्मी में कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस ने लिखा, “ये यूपी का प्रयागराज है। लोग इस चिलचिलाती धूप में कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। यह नरेंद्र मोदी के ‘जल जीवन मिशन’ और ‘हर घर नल से जल’ जैसे दावों की जमीनी हकीकत है।” कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों और फाइलों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार सरकार को घेर रही कांग्रेस
कांग्रेस पिछले कुछ समय से जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। पार्टी सोशल मीडिया के जरिए बेरोजगारी, महंगाई, पानी की समस्या और छात्रों की परेशानियों जैसे मुद्दों को उठाकर सरकार से जवाब मांग रही है। इसी क्रम में कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “मोदी है तो दिक्कत है।”