DESK: बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर अश्लील टिप्पणी करके फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी अब माफी मांग रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो और खबर वायरल होने के बाद लोग लगातार एफआईआर दर्ज करने और कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए यश माहेश्वरी ने खुद एक वीडियो बनाकर बिहार की महिलाओं से अपने इस बयान को लेकर माफी मांगी है।


 कहा है कि सोशल मीडिया पर मैंने एक वीडियो डाला था जिसमें बिहार के कल्चरल के बारे में बात किया था, मुझे इस तरह से टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। इसके लिए मैं माफी मांगता हूं और भविष्य में भी आगे ऐसी गलती नहीं होगी, इस बात का ख्याल रखूंगा। 


दरअसल दिल्ली के स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के छठ महापर्व को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बवाल मचा हुआ है। माहेश्वरी पर यह आरोप है कि छठ पूजा के दौरान महिलाओं के नाक से लेकर माथे तक लगाए जाने वाले सिंदूर की तुलना पुरुषों के निजी अंग से उसने कर दी।


बिहार की आस्था, संस्कृति और छठ व्रत करने वाली महिलाओं के सम्मान पर इस टिप्पणी को लेकर नाराजगी बढ़ रही है। विवाद बढ़ता देख यश माहेश्वरी को सामने आना पड़ गया। वीडियो जारी कर वो बिहार की महिलाओं और बिहार के लोगों से माफी मांग रहे हैं।


महेश्वरी के माफी मांगने का वीडियो सामने आने के बाद लोग यह सवाल कर रहे हैं कि क्या सिर्फ वीडियो बनाकर माफी मांग लेने से मामला खत्म हो जाएगा? सोशल मीडिया पर लोग यह कह रहे हैं कि ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। यश माहेश्वरी को गिरफ्तार कर बिहार लाया जाए और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि छठ महापर्व की आस्था और महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 


बिहारी महिलाओं के सिंदूर पर कॉमेडी से छिड़ा विवाद

स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने बिहार की महिलाओं की मांग में लगे सिंदूर की लंबाई की तुलना कथित तौर पर पुरुषों के प्राइवेट पार्ट से कर दी। उनकी इस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया यूजर्स इसे बिहार की महिलाओं और उनकी सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बता रहे हैं।


बताया जा रहा है कि स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो पोस्ट किया था। यह वीडियो दिल्ली-एनसीआर में आयोजित उनके एक शो का बताया जा रहा है। वीडियो में वह बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। इस दौरान दर्शकों के हंसने की आवाज भी सुनाई देती है।


कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग

यश माहेश्वरी की कॉमेडी का शॉर्ट वीडियो और रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बिहार के लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं की गरिमा और बिहार की सांस्कृतिक पहचान का अपमान है। लोग बिहार पुलिस को टैग कर कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। 


इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा नेत्री रितु जायसवाल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कॉमेडियन के खिलाफ बिहार के सभी जिलों में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। रितु जायसवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि छठ महापर्व और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे उसे अपनी गलती का एहसास हो। उन्होंने कहा कि अगली छठ में उसे बिहार आकर महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन करना चाहिए। छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 


रितु ने एक्स पर यह ट्वीट किया कि" हमारे महापर्व छठ और छठव्रतियों पर अश्लील कॉमेडी करने वाले इस शख्स के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में FIR दर्ज होनी चाहिए। ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई हो कि इसे अपनी गलती का एहसास हो और अगली छठ में हमारे महापर्व की महानता का साक्षात दर्शन कर सके। छठ की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं!"


कौन है यश माहेश्वरी?

यूट्यूब पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यश माहेश्वरी राजस्थान के रहने वाले हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर हैं। वहीं, उनका इंस्टाग्राम अकाउंट फिलहाल बंद बताया जा रहा है। इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर कॉमेडी के नाम पर महिलाओं और किसी राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों की मर्यादा पर भी बहस छिड़ गई है।