Bihar Police: बिहार पुलिस अब पहले से ज्यादा मजबूत, आधुनिक और हाईटेक हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सीएम सचिवालय से पुलिस विभाग को 84 नई अत्याधुनिक गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसे बिहार पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को 48 नई पुलिस बसें, 30 स्कॉर्पियो और 6 अत्याधुनिक एंबुलेंस सौंपीं। इन वाहनों के शामिल होने से राज्य में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के साथ-साथ पुलिस की कार्यक्षमता में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
नई स्कॉर्पियो और पुलिस बसों की मदद से जिलों में गश्त तेज होगी। अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस पहले की तुलना में कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। इसके अलावा बड़े अभियानों, संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
पुलिस विभाग को मिली 6 अत्याधुनिक एंबुलेंस दुर्घटनाओं, विशेष अभियानों और अन्य आपात परिस्थितियों में घायल पुलिसकर्मियों के साथ-साथ जरूरतमंद आम नागरिकों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में भी मददगार साबित होंगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस के आधुनिकीकरण पर जोर देते रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस को संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। वे कई बार अपराधियों को चेतावनी भी दे चुके हैं कि उनके पास दो ही विकल्प हैं या तो बिहार छोड़ दें या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहें।
बिहार सरकार का मानना है कि इन 84 नई हाईटेक गाड़ियों के शामिल होने से क्राइम कंट्रोल, वीआईपी सुरक्षा, नियमित पेट्रोलिंग, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था पहले से अधिक तेज, प्रभावी और आधुनिक होगी। आने वाले दिनों में बिहार पुलिस सड़कों पर और अधिक सक्रिय, सक्षम और तकनीकी रूप से सशक्त नजर आएगी।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, “मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' से बिहार पुलिस के लिए 48 पुलिस बसों, 30 चारपहिया वाहनों एवं 6 एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनडीए सरकार पुलिस बल को अत्याधुनिक संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इन नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता (Response Time) में उल्लेखनीय सुधार होगा, गश्ती व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को नई गति मिलेगी। सशक्त पुलिस, सुरक्षित बिहार- यही विकसित बिहार की मजबूत आधारशिला है।”