PATNA:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सचिव लोकेश कुमार सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के आईजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और मंगल पांडेय उन्हें देखने के लिए आईजीआईएमएस पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री आवास स्थित कार्यालय में फाइलों के निपटारे के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई और वे गिर पड़े। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए आईजीआईएमएस ले जाया गया, जहां उन्हें सीसीएम (आईसीयू) में भर्ती किया गया है।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनका शुगर लेवल कम पाया गया है, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
बता दें कि लोकेश कुमार सिंह हाल ही में सचिवालय के सचिव नियुक्त किए गए थे। वर्ष 2003 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी लोकेश कुमार सिंह को प्रशासनिक सेवा में करीब 23 साल का अनुभव है। मुख्यमंत्री आवास स्थित कार्यालय में फाइलों के निपटारे के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी थी। जिसक बाद आनन-फानन में उन्हें आईजीआईएमएस में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।