Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने विभाग में विभिन्न सड़क एवं पुल परियोजनाओं की प्रगति, रख-रखाव तथा भावी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।


बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों एवं पुलों के निर्माण की गुणवत्ता तथा उनके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो यह सुनिश्चित करें। जनता को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। 


उन्होंने कहा कि सड़कों एवं पुलों के निर्माण तथा अनुरक्षण कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रबंधन बेहतर ढंग से करें ताकि परियोजनायें ससमय एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सकें। राज्य के सभी पुलों का विशेषज्ञों से नियमित निरीक्षण तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करायें।


मुख्यमंत्री ने मुंगेर (सफियाबाद) बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर फोरलेन गंगा पथ परियोजना की प्रगति की समीक्षा के क्रम में में कहा कि हाइब्रिड एन्यूटी मोड के तहत इस परियोजना पर काम करें। इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ायें ताकि पूर्वी बिहार की कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को गति मिले।


बैठक में पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।