PATNA: बीते दिनों बिहार के जमुई, समस्तीपुर, किशनगंज, बांका सहित अन्य जिलों में छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटनाएं सामने आने के बाद से केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बेहद नाराज नजर आ रहे हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान यहां तक कह दिया कि इस सरकार का हिस्सा होने में शर्मिंदगी महसूस हो रही है। 


बता दें कि बिहार में एनडीए की सरकार है, जिसमें चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (रामविलास) सहयोगी दल है और चिराग पासवान गठबंधन के नेता भी हैं। इन दिनों लगातार बिहार की बच्चियों के साथ हो रही छेड़खानी की घटनाओं से वो काफी दुखी हैं। इन घटनाओं से भड़के चिराग पासवान ने बिहार पुलिस की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े किये हैं। अपने ही गठबंधन की सरकार को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि मुझे इस सरकार का सहयोगी होने पर शर्म आती है। क्योंकि कोई भी बिहार में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।


एक इंटरव्यू के दौरान बिहार में बढ़ रहे आपराधिक वारदातों पर चिराग पासवान ने कहा कि आज की तारीख में बिहार में कोई सुरक्षित नहीं महसूस कर पा रहा है। ये हमारी सरकार की चिंता है। सरकार में एक सहयोगी या हिस्सा होने की वजह से मैं खुद इस सवाल से नहीं भाग सकता। इसे कतई हल्के में नहीं ले सकता। चिराग ने आगे कहा कि मैं ऐसी सरकार के साथ हूं जहां ऐसी घटनाएं हो रही हैं। मुझे खुद इस बात को लेकर शर्मिंदगी महसूस हो रही है। इन घटनाओं को देखकर मैं खुद आक्रोशित हूं। यह सोच रहा हूं कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की छवि खराब हो रही है। 


इस इंटरव्यू वाले बयान के साथ-साथ एक और बयान चिराग पासवान का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि वह बयान 2025 का है, जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे। उस वक्त मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा था कि बिहार में प्रशासन निकम्मा हो चुका है, यहां के लोगों को सुरक्षित रखना इनके बस की बात नहीं है। मुझे खुद बहुत शर्म आती है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं। जहां पर अपराध पूरी तरीके से बेलगाम हो चुका है और अपराधियों को मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।


 अब चिराग पासवान का ताजा बयान सामने आया है, जो हाल में ही हुए एक मीडिया के इंटरव्यू का बताया जा रहा है, जिसमें चिराग पासवान कह रहे हैं कि मुझे इस सरकार का सहयोगी होने पर शर्म आती है। वर्तमान में बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार है। चिराग पासवान सरकार के अंग हैं, और गठबंधन दल के नेता हैं। उनका यह बयान अब सुर्खियों में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर 2025 और 2026 का चिराग पासवान का बयान वायरल हो रहा है। जिसकी चर्चा अब राजनीतिक गलियारों में हो रही है।