पटना: छठ पूजा खत्म होने के बाद अब बिहार से दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या और नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। अगर आप भी छठ के बाद पटना, दरभंगा, पूर्णिया, समस्तीपुर या बिहार के दूसरे शहरों से दिल्ली, कोलकाता और अन्य शहरों की यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए कंफर्म टिकट पाने का अच्छा मौका है।

रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए चलाई जा रही विशेष ट्रेनों में बड़ी संख्या में सीटें उपलब्ध हैं। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, 20 से 30 नवंबर के बीच चलने वाली 32 विशेष ट्रेनों के 58 फेरों में कुल 26,587 बर्थ और सीटें खाली हैं। यानी नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने से परेशान यात्रियों के पास अब स्पेशल ट्रेनों का विकल्प मौजूद है।

20 नवंबर को दोपहर एक बजे तक जारी उपलब्धता के आंकड़ों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में यात्रा करने वालों को टिकट मिलने की संभावना ज्यादा है। खासकर 28, 29 और 30 नवंबर को बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं।

29 नवंबर को सबसे ज्यादा सीटें खाली, इन तारीखों पर भी मौका

रेलवे की ओर से जारी तारीखवार आंकड़ों पर नजर डालें तो 29 नवंबर को यात्रियों के लिए सबसे ज्यादा राहत है। इस दिन विभिन्न विशेष ट्रेनों में कुल 5,058 सीटें उपलब्ध हैं। इसके बाद 28 नवंबर को 3,748 और 30 नवंबर को 3,212 सीटें खाली हैं।वहीं, 25 नवंबर को 2,637, 23 नवंबर को 2,272 और 24 नवंबर को 2,264 सीटें उपलब्ध हैं। 26 नवंबर को 2,260 और 27 नवंबर को 2,195 सीटें खाली हैं। शुरुआती दिनों में सीटों की उपलब्धता अपेक्षाकृत कम है। 20 नवंबर को महज 270 और 21 नवंबर को 987 सीटें खाली हैं। ऐसे में जिन यात्रियों को तुरंत यात्रा करनी है, उन्हें टिकट बुक करने से पहले उपलब्धता की जांच करनी होगी।

स्लीपर में सबसे ज्यादा राहत, एसी में भी मिल सकता है टिकट

स्पेशल ट्रेनों में केवल सामान्य यात्रियों के लिए ही नहीं, बल्कि एसी श्रेणी में सफर करने वालों के लिए भी विकल्प मौजूद हैं। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा 15,503 बर्थ स्लीपर क्लास में उपलब्ध हैं। इसके अलावा थर्ड एसी में 5,011, सेकेंड चेयरकार में 3,585 और थर्ड एसी इकोनॉमी में 1,051 सीटें खाली हैं। एसी चेयरकार में भी 297 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं, सेकेंड एसी, फर्स्ट एसी समेत अन्य श्रेणियों में कुल 1,140 सीटें खाली हैं। इसका मतलब है कि कम बजट में सफर करने वाले यात्रियों के लिए स्लीपर क्लास में अच्छा मौका है। वहीं, एसी में यात्रा करने की योजना बना रहे लोग भी अपनी पसंद के अनुसार सीटों की उपलब्धता देख सकते हैं।

इन स्पेशल ट्रेनों में मिल सकता है कंफर्म टिकट

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, पूर्णिया कोर्ट और पाटलिपुत्र के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 03215 और 03216 में लगभग हर दिन 400 से 550 तक स्लीपर बर्थ उपलब्ध हैं। पूर्णिया और पटना के आसपास के यात्रियों के लिए यह महत्वपूर्ण विकल्प हो सकता है।

इसी तरह पटना से आसनसोल जाने वाली स्पेशल ट्रेन नंबर 03512 में 22 नवंबर को 396 और 29 नवंबर को 592 स्लीपर बर्थ खाली हैं। पटना से भागलपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन नंबर 03432 में 23 और 30 नवंबर को क्रमशः 418 और 428 बर्थ उपलब्ध हैं। इसके अलावा झंझारपुर से राउरकेला जाने वाली विशेष ट्रेन नंबर 08106 में 27 नवंबर को 567 स्लीपर बर्थ खाली हैं। दरभंगा से शालीमार जाने वाली स्पेशल ट्रेन नंबर 08110 में 25 नवंबर को 592 स्लीपर बर्थ उपलब्ध हैं।

टिकट बुक करने से पहले जरूर देख लें उपलब्धता

छठ के बाद बिहार से बाहर जाने वाले यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनों में खाली सीटें किसी बड़ी राहत से कम नहीं हैं। हालांकि, रेलवे की ओर से जारी सीटों की उपलब्धता लगातार बदल सकती है। टिकट बुकिंग के दौरान किसी तारीख या ट्रेन में सीटों की संख्या कम या ज्यादा हो सकती है।

इसलिए यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को IRCTC की वेबसाइट या रेलवे के अधिकृत टिकट बुकिंग माध्यम से ट्रेन नंबर, तारीख और क्लास के अनुसार सीटों की ताजा स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए। आखिरी समय की भीड़ और वेटिंग से बचने के लिए उपलब्ध विकल्पों में जल्द टिकट बुक करना बेहतर रहेगा।