DESK: मुंबई में छठ पूजा को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बिहार और महाराष्ट्र की सियासत में तूल पकड़ता जा रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की छठ पूजा और भोजपुरी गानों पर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस विवाद में शिवसेना (यूबीटी) नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर की भी एंट्री हो गई है। रोहिणी आचार्य के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, "लालू-भालू की लड़की कुछ भी बात कर रही है। आ जाओ मुंबई, दिखा देते हैं।"
दरअसल राज ठाकरे की टिप्पणी पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पलटवार किया। उन्होंने राज ठाकरे को 'बरसाती मेंढक' बताते हुए कहा कि छठ पर्व नजदीक आते ही वे मीडिया में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देने लगते हैं। वहीं, जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने भी राज ठाकरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब राज ठाकरे को कोई महत्व नहीं देता, तो वे बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ बयान देकर मीडिया की सुर्खियों में आने की कोशिश करते हैं। पीके ने ऐसे लोगों को मंच और महत्व नहीं देने की बात कही। मीडिया से कहा कि 'आप लोगों को ऐसे 'लंपट' लोगों को कोई अहमियत या मंच नहीं देना चाहिए।'
अब इस विवाद में शिवसेना (यूबीटी) नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर की भी एंट्री हो गई है। रोहिणी आचार्य के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, "लालू-भालू की लड़की कुछ भी बात कर रही है। आ जाओ मुंबई, दिखा देते हैं।" किशोरी पेडनेकर ने कहा कि अगर रोहिणी आचार्य को उद्धव ठाकरे या राज ठाकरे से बात करनी है, तो उन्हें मुंबई आकर बात करनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी छठ पूजा के खिलाफ नहीं है। उनकी आपत्ति छठ पूजा के नाम पर होने वाली राजनीति से है।
पेडनेकर ने अपने पुराने चुनावी क्षेत्र वार्ड नंबर 199 का उदाहरण देते हुए बताया कि 2017 में यहां बिहार और उत्तर प्रदेश के 900 से अधिक परिवार रहते थे। उस समय भी धोबी घाट के पास बने तालाबों में छठ पूजा होती थी। श्रद्धालु वहां दीप जलाकर भगवान सूर्य की उपासना करते थे।
दरअसल, मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर छठ पूजा और भोजपुरी गानों को लेकर आपत्ति जताई थी। उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर बजने वाले भोजपुरी गानों को महाराष्ट्र की संस्कृति पर हमला बताया था। मनसे ने मुंबई पुलिस को पत्र देकर बाणगंगा क्षेत्र में सार्वजनिक छठ पूजा की अनुमति नहीं देने की मांग भी की थी। पार्टी का तर्क है कि पूजा के बाद तटीय इलाकों में गंदगी फैलती है और इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। वहीं, राज ठाकरे ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा छठ पूजा के मुद्दे पर मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दोनों समुदायों से राजनीतिक विवाद में नहीं उलझने की अपील की।