BIHAR NEWS : पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब उनके परिवार और समर्थकों की अगली रणनीति पर सबकी निगाहें टिकी हैं। इसी बीच आनंद मोहन के बेटे और शिवहर से विधायक चेतन आनंद ने कल यानी 28 नवंबर को पटना में एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में बिहारभर के प्रमुख अभिभावकों, नौजवान साथियों और आनंद मोहन के समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। चेतन आनंद ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी देते हुए लोगों से बैठक में पहुंचने की अपील की है।


चेतन आनंद की इस बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन की रिहाई और उनकी सजा को लेकर परिवार की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। अब तक चेतन आनंद सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रख रहे थे, लेकिन आज की बैठक में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा हो सकती है। बैठक में यह तय किया जा सकता है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कानूनी और राजनीतिक स्तर पर किस तरह आगे बढ़ना है।


चेतन आनंद ने अपनी ताजा सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बिहारभर के प्रमुख अभिभावकों और नौजवान साथियों की एक आपात बैठक 28 नवंबर को अपराह्न 12:30 बजे पटना के गर्दनीबाग स्थित उनके आवास 12/20 पर बुलाई गई है। उन्होंने समर्थकों से इस बैठक में शामिल होने की अपील की है। हालांकि बैठक में लिए जाने वाले फैसलों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की ओर से आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द किए जाने के बाद चेतन आनंद ने इस मामले पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि फैसले की पूरी जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है। जब तक वह अपने अधिवक्ता से पूरे मामले की जानकारी नहीं जुटा लेते, तब तक कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। इसके बाद उन्होंने अपने पिता को निर्दोष बताते हुए न्यायिक प्रक्रिया और बिहार सरकार के जेल मैनुअल में किए गए संशोधन पर कई सवाल खड़े किए थे।


चेतन आनंद ने अपने पिता की रिहाई रद्द होने के फैसले को लेकर तीन बड़े सवाल उठाए थे। उनका पहला सवाल था कि सुप्रीम कोर्ट अपने ही फैसले से कैसे मुकर सकती है? दूसरा सवाल बिहार सरकार के 2016 के कानून को लेकर था। चेतन आनंद का तर्क है कि आनंद मोहन को निचली अदालत ने 2007 में सजा सुनाई थी। ऐसे में सजा के समय लागू प्रावधानों के आधार पर ही उनके मामले को देखा जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान मौत से संबंधित बिहार सरकार का 2016 में लाया गया कानून आनंद मोहन पर किस आधार पर लागू किया जा सकता है?


उनका तीसरा सवाल बिहार सरकार के 2023 के जेल मैनुअल संशोधन को लेकर था। चेतन आनंद ने पूछा कि अगर इस संशोधन के तहत आनंद मोहन की रिहाई को गलत माना जा रहा है, तो क्या इस संशोधन से लाभान्वित दूसरे लोगों पर भी यही नियम लागू होगा? क्या सिर्फ आनंद मोहन को जेल भेजने के लिए कानून बदले जाएंगे या फिर सभी संबंधित मामलों में एक जैसी कार्रवाई होगी? उन्होंने इन सवालों को बिहार की जनता और अपने समर्थकों के सामने विचार के लिए रखा था।


चेतन आनंद ने अपने पोस्ट में यह दावा भी किया था कि जी. कृष्णैया हत्याकांड में दो प्रत्यक्ष गवाह तत्कालीन डीएम के ड्राइवर और बॉडीगार्ड थे। उनके अनुसार, दोनों ने अदालत में आनंद मोहन की घटनास्थल पर मौजूदगी से इनकार किया था। इसी आधार पर उन्होंने अपने पिता की निर्दोषता का दावा किया। हालांकि यह चेतन आनंद का पक्ष है और मामले में अदालत के फैसले को उसी के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।


इस पूरे घटनाक्रम के बीच चेतन आनंद ने अपने समर्थकों से खास अपील भी की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अनुशासन और शालीनता बनाए रखें तथा किसी भी तरह का गलत कदम न उठाएं। आने वाली चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने की जरूरत है। उन्होंने साफ संकेत दिया कि इस मामले में आगे की लड़ाई कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से लड़ी जाएगी।


अब आज गर्दनीबाग में होने वाली इस आपात बैठक पर सबकी नजरें रहेंगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने के बाद उनके समर्थक और परिवार आगे क्या रणनीति अपनाते हैं? क्या बैठक में कोई बड़ा राजनीतिक ऐलान होगा या फिर कानूनी लड़ाई को ही आगे बढ़ाने पर सहमति बनेगी? इसका जवाब बैठक के बाद ही सामने आएगा।