बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बेहद अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण (TRE-4) को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, TRE-4 की परीक्षा कब आयोजित होगी, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। हालांकि, परीक्षा के लिए आवेदन फॉर्म कब से भरे जाएंगे, इसकी तारीख जरूर घोषित कर दी गई है।
BPSC ने बताया है कि TRE-4 के लिए अभ्यर्थी 25 सितंबर से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है। हालांकि, वैसे अभ्यर्थी जो 25 अक्टूबर तक आवेदन फॉर्म भरकर फीस का भुगतान कर चुके हैं, लेकिन फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट नहीं कर पाए हैं, वे 26 अक्टूबर तक अपना फॉर्म सबमिट कर सकेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिसंबर या जनवरी के महीने में परीक्षा आयोजित की जा सकती है। हालांकि, परीक्षा की आधिकारिक तारीख की घोषणा आयोग की ओर से बाद में की जाएगी।
इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग को बरकरार रखा गया है। परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के पांच विकल्प होंगे। इनमें से यदि अभ्यर्थी किसी भी विकल्प का चयन नहीं करता है, तो उसके एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे। वहीं, प्रत्येक गलत उत्तर के लिए भी एक-तिहाई अंक की कटौती की जाएगी। आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के तहत कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस भर्ती को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार था।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन से संबंधित विस्तृत सूचना, आवश्यक निर्देश और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी BPSC की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और दिशा-निर्देश को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। TRE-4 में 32,388 पदों पर होने वाली इस बहाली को लेकर अभ्यर्थियों के बीच लंबे समय से इंतजार था। अब आवेदन की तारीख घोषित होने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।